”216 विद्यालयो को जारी हुआ नोटिस ” अशासकीय विद्यालयों की हो जायेगी मान्यता रद्द
”अपार आईडी का कार्य नही किया पूर्ण”
Seoni 14 February 2025
सिवनी यशो:- अपार आईडी केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, इसके तहत सभी छात्र-छात्राओ की अपार आईडी का निर्माण किया जाना है। अपार आईडी से केन्द्र सरकार की एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओ को आने वाले सत्र मे जोडा जावेगा, जिन बच्चों की अपार आईडी जनरेट नही हो पाऐगी वह शासन के बहुत से लाभो से वंचित रह जायेगें। अपार आईडी के निर्माण के लिये समस्त शासकीय अशासकीय विद्यालयो को लगातार समीक्षा बैठक, ऑनलाईन वी.सी., शासकीय पत्राचार, दैनिक समाचार पत्र एवं सोशल मीडिया के माध्यम से अपार आईडी निर्माण हेतु निर्देशित किया जा रहा है। इस सबके बाद भी जिले मे अभी तक मात्र 65 प्रतिशत बच्चो की ही अपार आईडी बनी है।
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक दिनांक 28.01.2025 मे कलेक्टर महोदय के द्वारा बच्चो की शत्प्रतिशत अपार आईडी नही बनने पर नाराजगी व्यक्त की गई एवं बीआरसीसी, बीईओ, बीडीओ को अपार आईडी का कार्य तत्काल पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया था, साथ ही कार्य पूर्ण नही करने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी/कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया था।
इसी क्रम मे सिवनी जिले के 216 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयो को जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र सिवनी के द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है, क्योंकि इन शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयो मे अपार आईडी निर्माण का कार्य अपूर्ण है।
जिले के उपरोक्त 216 विद्यालयो को 02 दिवस मे कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया है, अन्यथा की स्थिति मे अशासकीय विद्यालयो पर मान्यता निरस्त करने संबंधी कार्यवाही की जावेगी जबकि शासकीय विद्यालयो के संस्था प्रमुखो पर अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जावेगी।



