मध्यप्रदेशसिवनी
पंच का चौथे दिन तहसीलदार ने जाँच के आश्वासन पर अनशन समाप्त कराया
सरपंच पति पर भ्रष्टाचार और अभद्रता के गंभीर आरोप, निष्पक्ष जाँच की माँग
Seoni 09 June 2025
सिवनी यशो:- बरघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत बुदैना खुर्द के पंच शिवराम कोठेवार ने पंचायत में भ्रष्टाचार और मनमानी के आरोपों को लेकर पिछले चार दिनों से अंबेडकर चौक पर अनशन कर रखा था। चौथे दिन सोमवार को तहसीलदार के पहुँचने पर जाँच के आश्वासन के साथ अनशन समाप्त कराया गया।
पंच शिवराम का आरोप है कि ग्राम पंचायत की सरपंच के पति उमाशंकर टेम्भरे पंचायत कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं और विकास कार्यों के दौरान हुए भ्रष्टाचार पर जब उन्होंने आपत्ति जताई, तो उनके साथ अभद्रता की गई। उन्होंने बताया कि एक बैठक के दौरान उमाशंकर ने उन पर कुर्सी तक चला दी।
शिवराम ने पंचायत सचिव पर निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार करने का भी आरोप लगाया है। साथ ही, उन्होंने यह भी दावा किया कि अंत्येष्टि सहायता राशि जैसी संवेदनशील योजनाओं में भी फर्जीवाड़ा किया गया है।
शिवराम का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को शिकायत दी, यहाँ तक कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी मामला दर्ज कराया, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके उलट उन्हें धमकियाँ दी जा रही हैं। उनका आरोप है कि सरपंच पति और पंचायत सचिव की अधिकारियों से मिलीभगत है, जिसके चलते निष्पक्ष जांच अब तक नहीं हो पाई।
सोमवार को तहसीलदार द्वारा मौके पर पहुँचकर जाँच का आश्वासन दिए जाने के बाद शिवराम ने जूस पीकर अपना अनशन समाप्त किया। उन्होंने प्रशासन से माँग की है कि निष्पक्ष और समयबद्ध जाँच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।



