जनता की फरियाद सीधे कलेक्टर तक: सिवनी जिला जनसुनवाई में 157 आवेदन
जनता की फरियाद सीधे कलेक्टर तक: सिवनी जिला जनसुनवाई में 157 आवेदन
सिवनी, 17 फरवरी 2026
सिवनी यशो:- प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जनसुनवाई के दौरान जिलेभर से कुल 157 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें आमजन ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं प्रशासनिक समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर श्री सी.एल. चनाप सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई से जुड़े।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों द्वारा स्वास्थ्य सहायता, भूमि रिकॉर्ड सुधार, राजस्व प्रकरण, मुआवजा भुगतान, आवासीय पट्टा, राशन कार्ड, किसान आईडी, समग्र आईडी संशोधन, सड़क निर्माण, जल समस्या, गैस पाइपलाइन मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास योजना, कपिलधारा कूप निर्माण, किसान सम्मान निधि सहित अनेक विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।
तहसील सिवनी, बरघाट, घंसौर, छपारा, केवलारी, धनौरा, कुरई सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में व्यक्तिगत सहायता से लेकर आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने सभी प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिसमें किसी भी आवेदक की समस्या की अनदेखी नहीं की जाएगी।



