जेवरों के बंटवारे में उलझे लुटेरे पकड़े गए : सराफा व्यापारी से लूट का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार
2 किलो चांदी, 2 मोटरसाइकिल जब्त, करीब 9 लाख का माल बरामद — नाबालिग सहित गिरोह का पर्दाफाश
Chhindwara 03 February 2026
छिंदवाड़ा यशो:- गांगीवाड़ा निवासी सराफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पत्रकारवार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लूट के इस मामले में एक नाबालिग सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 आरोपी अभी फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 9 लाख रुपये का माल, 2 किलो चांदी और 2 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
साप्ताहिक बाजार से लौटते वक्त दिया गया था वारदात को अंजाम
पीड़ित सराफा व्यापारी ओमचन्द पिता हरलाल सोनी (70 वर्ष) निवासी गांगीवाड़ा ने 26 जनवरी को देहात थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे प्रत्येक सोमवार को ग्राम खंसवाड़ा के साप्ताहिक बाजार में सोना-चांदी की दुकान लगाते हैं।
घटना वाले दिन बाजार से लौटते समय भमाड़ा चौक से कुण्डाली खुर्द रोड पर बगीचे के पास मोटरसाइकिल सवार चार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट कर बैग में रखे सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए।

पैदाल प्रदर्शन करती पुलिस
लूट के माल के बंटवारे ने खोल दी पूरी कहानी
देहात थाना पुलिस के अनुसार काराबोह डेम के पास दो युवक किसी बंटवारे को लेकर झगड़ रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों को राउंडअप कर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में राकेश मालवी और आकाश मालवी ने लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
उन्होंने बताया कि इस लूट को छोटी बाजार निवासी सचिन मालवी और अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया गया था।
गिरफ्तार आरोपी कौन-कौन
सराफा व्यापारी से हुई लूट में संलिप्त गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
-
सचिन पिता गोविंद सोनी (27), निवासी सोनी मोहल्ला, छोटी बाजार
-
राजेश पिता गोपाल मालवी (25), निवासी काशीनगर
-
आकाश पिता कुमेर मालवी (23), निवासी काशीनगर
-
बिलाल पिता मुस्ताक खान (26), निवासी विसु नगर
-
एक नाबालिग आरोपी
तीन आरोपी अभी भी फरार
इस लूटकांड में शामिल फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है—
-
शेखर उर्फ केकू उर्फ केकड़ा भारती, निवासी चांदामेटा
-
नैतिक उर्फ नेता, निवासी परतला
-
राहुल रसियन, निवासी परतला
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
छिंदवाड़ा सराफा व्यापारी लूट की इस वारदात का खुलासा करने में—
निरीक्षक जी.एस. राजपूत (थाना प्रभारी देहात),
उनि दुर्गेश तिवारी,
सउनि संदीप राजपूत,
आरक्षक सौरभ बघेल, सूरज, शेरसिंह, अर्जुन, आशीष, ब्रजेश, उमेश, पन्नालाल,
सायबर सेल से आदित्य रघुवंशी, नितिन सिंह, अभिषेक ठाकुर, अंकित शर्मा
की विशेष भूमिका रही।



