जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं पर सख्ती: कलेक्टर शीतला पटले का एक्शन मोड, गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माने के निर्देश
रोगी कल्याण समिति बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन पर जोर, विधायक दिनेश राय के साथ अस्पताल का निरीक्षण कर दिए कड़े निर्देश
जिला अस्पताल सिवनी निरीक्षण, गंदगी पर सख्ती और सुधार के निर्देश
Seoni 09 April 2026
सिवनी यशो:- जिला अस्पताल सिवनी में गुरुवार को रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी बैठक कलेक्टर श्रीमती शीतला पटलेकलेक्टर और विधायक ने जिला अस्पताल सिवनी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विधायक दिनेश राय, मेडिकल कॉलेज सिवनी के डीन डॉ. परवेज सिद्दीकी, सिविल सर्जन डॉ. विनोद नावकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयपाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर फोकस
बैठक में अस्पताल की चिकित्सकीय व्यवस्थाओं के उन्नयन, मरीजों एवं परिजनों की सुविधाओं में सुधार तथा समिति की वित्तीय स्थिति एवं आय-व्यय की समीक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने चिकित्सकीय सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सड़क, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती पटले ने अस्पताल परिसर की सड़कों के सुधार, निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने, सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था, मरीजों के परिजनों के लिए बैठने की सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही सीवर लाइनों को ढकने और समुचित रोशनी एवं साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान सामने आई व्यवस्थाओं की हकीकत
बैठक के पश्चात कलेक्टर श्रीमती पटले एवं विधायक दिनेश राय ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ऑपरेशन थियेटर (ओटी), नवजात पुनर्जीवन केंद्र (एनआरसी), प्रसूति वार्ड, शिशु वार्ड और डायलिसिस यूनिट सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया।
गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि गंदगी फैलाने, पान-गुटखा खाकर थूकने वालों की पहचान कर जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने सभी वार्डों और बरामदों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सीवर और अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर
कलेक्टर ने सीवर लाइनों और नालियों की नियमित सफाई तथा अपशिष्ट पदार्थों के वैज्ञानिक निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज सिवनी के डीन डॉ. परवेज सिद्दीकी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयपाल सिंह, सिविल सर्जन डॉ. विनोद नावकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





