सिवनी में पुष्प-फल-सब्जी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, किसानों को प्रसंस्करण अपनाने की प्रेरणा
कम्पनी गार्डन में दो दिवसीय आयोजन, ड्रिप सिंचाई और मूल्य संवर्धन पर जोर
सिवनी पुष्प फल सब्जी महोत्सव – काजू और नारियल की खेती लाभकारी
Seoni 29 March 2026
सिवनी यशो:-उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग सिवनी द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय पुष्प-फल-सब्जी महोत्सव एवं सेमिनार का भव्य शुभारंभ कम्पनी गार्डन में किया गया।
सिवनी पुष्प फल सब्जी महोत्सव कार्यक्रम में पूर्व सांसद ढालसिंह बिसेन मुख्य अतिथि तथा कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहीं।

उद्यानिकी और प्रसंस्करण पर फोकस
सेमिनार में उद्यानिकी फसलों की उन्नत खेती, खाद्य प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग की संभावनाओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।
सहायक संचालक उद्यान डॉ. आशा उपवंशी-वासेवार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जिले में उद्यानिकी फसलों और पीएमएफएमई योजना की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

वैज्ञानिकों ने दी तकनीकी जानकारी
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. निखिल सिंह ने आम, अमरूद, सीताफल एवं नींबू वर्गीय फसलों के उत्पादन और रखरखाव की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी।
वहीं वरिष्ठ उद्यानिकी अधिकारी श्रीमती आस्मा अल्ताफ अंसारी ने पीएमएफएमई योजना के लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
पारंपरिक फसलों पर भी जोर
कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने किसानों को उद्यानिकी फसलों के विस्तार के साथ इमली, बेर और चिरौंजी जैसी पारंपरिक फसलों को अपनाने की सलाह दी।
उन्होंने किसानों से उत्पादन के साथ खाद्य प्रसंस्करण की दिशा में आगे बढ़ने और पीएमएफएमई योजना का लाभ लेने का आह्वान किया।
ड्रिप सिंचाई और बागवानी को बढ़ावा
मुख्य अतिथि ढालसिंह बिसेन ने किसानों को ड्रिप सिंचाई तकनीक अपनाने और फल बगीचे विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने स्थानीय जलवायु के अनुरूप काजू और नारियल की खेती को भी लाभकारी बताया।
आकर्षक प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
सिवनी पुष्प फल सब्जी महोत्सव में फल, फूल, सब्जी एवं पीएमएफएमई उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अतिथियों और किसानों ने अवलोकन कर सराहना की।
सिवनी पुष्प फल सब्जी महोत्सव कार्यक्रम में लगभग 150 कृषकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





