बाघ के हमले में मवेशी चराने गए 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
कुरई के पिंडरई बीट में वन्यजीव हमले की घटना, वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच; परिजनों को 8 लाख रुपये की सहायता
सिवनी में बाघ का हमला, मवेशी चराने गए 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, 8 लाख सहायता
Seoni, 05 October 2026
सिवनी यशो:- जिले के कुरई थाना क्षेत्र के पिंडरई बीट में सोमवार को मवेशी चराने गए एक बुजुर्ग व्यक्ति पर बाघ ने कथित रूप से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और कुरई थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिवानकन्हार ग्राम पंचायत के रमपुरी निवासी सुम्मर लाल, उम्र 62 वर्ष, मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। बताया गया कि वे पिंडरई बीट के कक्ष क्रमांक P358 से लगे राजस्व क्षेत्र में मवेशी चरा रहे थे, तभी वन्यजीव बाघ द्वारा उन पर हमला किए जाने की घटना सामने आई।
वन विभाग और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कुरई थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाना शुरू किया है।
घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर भी वन विभाग द्वारा आवश्यक निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।
परिवार को 8 लाख रुपये की सहायता
वन विभाग की ओर से बताया गया कि वन्यजीव के हमले में हुई जनहानि के मामले में शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत मृतक के परिवार को 8 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
घटना से मृतक के परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है। वन विभाग द्वारा घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े :-
सेवा संकल्प अभियान में बरघाट के हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, आवेदनों का मौके पर निराकरण
आंधी-बारिश से मक्का फसल को भारी नुकसान, विधायक ने गांव-गांव पहुंचकर लिया जायजा
गौपालकों के घर समृद्धि का रास्ता बनेगा पशुधन और दुग्ध उत्पादन : अमित शाह



