खुर्सीपार में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित, सफल हितग्राहियों ने साझा किए आत्मनिर्भरता के अनुभव, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
Seoni, 27 November 2026
सिवनी यशो:- ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने और युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेती के साथ स्वरोजगार एवं छोटे उद्योगों को अपनाना जरूरी है। ग्रामीण अपनी रुचि, कौशल और स्थानीय बाजार की मांग को समझकर व्यवसाय शुरू करें। इससे परिवार की आमदनी बढ़ने के साथ दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार होंगे।
यह बात कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने शुक्रवार को लखनादौन विकासखंड के ग्राम खुर्सीपार में आयोजित जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री कृष्णलाल चंदानी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सफल हितग्राहियों ने बताई स्वरोजगार की कहानी
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित उद्यम संवाद में शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय स्थापित करने वाले हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए।
इन कहानियों के माध्यम से ग्रामीणों और युवाओं को बताया गया कि सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता का उपयोग कर किस तरह स्वयं का रोजगार शुरू किया जा सकता है।
ग्राम सिरमंगनी की श्रीमती डॉली दुबे ने बताया कि आजीविका मिशन के लक्ष्मी नारायण समूह से जुड़कर वे सिविल अस्पताल लखनादौन में दीदी कैफे संचालित करने के साथ पापड़, चिप्स एवं नमकीन निर्माण का कार्य कर रही हैं।
लखनादौन के श्री कृष्ण कुमार बैदुआ ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ लेकर जूते-चप्पलों का व्यवसाय शुरू करने का अनुभव साझा किया।

इसी तरह ग्राम सनाईडोंगरी के श्री विवेकानंद यादव ने उद्यानिकी विभाग की पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत मिल्क प्रोसेसिंग उद्योग स्थापित करने की जानकारी दी। श्री विवेक राय ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के माध्यम से पशु शेड निर्माण एवं पशुपालन से जुड़ने का अनुभव बताया।
ग्राम बोरिया खुर्द के श्री बलीराम ने भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत टाटा मैजिक वाहन संचालित करने की जानकारी दी। ग्राम भाजिया की श्रीमती सुमन यादव ने आजीविका मिशन के दुर्गा समूह से जुड़कर किराना दुकान, फोटोकॉपी, जैविक खाद एवं कीटनाशक का व्यवसाय संचालित करने की अपनी सफलता साझा की।
वहीं श्री वीनीश रजक ने पशुपालन केसीसी का लाभ लेकर पशुपालन व्यवसाय अपनाने के अनुभव बताए।
हितग्राहियों ने बताया कि शासकीय योजनाओं से प्राप्त आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन ने उन्हें अपने कौशल के अनुरूप व्यवसाय शुरू करने में मदद की। उन्होंने युवाओं से नौकरी की तलाश के साथ स्वयं का रोजगार स्थापित करने और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करने का आह्वान किया।

स्थानीय मांग के अनुसार व्यवसाय शुरू करने पर जोर
उद्यम संवाद में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा अग्रणी बैंक प्रबंधक द्वारा स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को ऋण सुविधा, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं के बारे में समझाया गया। साथ ही ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने कहा कि ग्रामीण केवल परंपरागत कार्यों तक सीमित न रहें। अपनी रुचि, कौशल और उपलब्ध संसाधनों के साथ स्थानीय बाजार की मांग को समझकर नए व्यवसायों की संभावनाएं तलाशें। स्थानीय जरूरतों के अनुसार शुरू किया गया छोटा व्यवसाय भी परिवार की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बन सकता है।
उन्होंने कृषि के साथ पशुपालन, मछली पालन, बकरी पालन एवं उद्यानिकी जैसी गतिविधियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि पर निर्भरता के साथ आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने से परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। ग्रामीण कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लेकर अपनी पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निर्देश
शिविर में कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री कृष्णलाल चंदानी सहित अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। विभिन्न योजनाओं एवं शासकीय सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
पात्र हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ
कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से हितलाभ वितरित किए गए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों को सीसीएल राशि तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। हितग्राहियों को उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ
शिविर के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को बाल विवाह की रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने, समुदाय में जागरूकता बढ़ाने और बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण
शिविर में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, आजीविका मिशन, स्वास्थ्य एवं उद्योग सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने इन स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को उनकी पात्रता और आवश्यकता के अनुसार योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में मौके पर ही मार्गदर्शन दिया गया।