घायल अनिल देवगांव को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज किया रेफर
Seoni, 16 November 2026
सिवनी / घंसौर यशो:- घंसौर थाना क्षेत्र के मुड़ापार-सुक्कम मार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अथवा वाहन से नियंत्रण बिगड़ने के कारण बाइक सड़क किनारे स्थित नाले में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार अनिल देवगांव (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिल देवगांव रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे मोटरसाइकिल से मुड़ापार-सुक्कम मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे नाले में जा गिरी। बाइक सहित नाले में गिरने से युवक घायल हो गया और काफी देर तक वहीं पड़ा रहा। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उसे देखा और पुलिस को सूचना देते हुए मदद के प्रयास शुरू किए।
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जबलपुर रेफर
घटना की सूचना मिलते ही घंसौर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों की मदद से घायल युवक को नाले से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घंसौर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। फिलहाल बाइक अनियंत्रित होने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।