सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के लिए चार दिवसीय विशेष अभियान, 50 दिन से लंबित मामलों को प्राथमिकता के निर्देश
Seoni, 16 November 2026
सिवनी यशो:- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य वितरण, स्वरोजगार, जल जीवन मिशन सहित अनेक विभागों की प्रगति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का निराकरण तय समय-सीमा में किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में कार्यालयीन अनुशासन को लेकर भी कलेक्टर ने सख्ती दिखाई। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने तथा बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन पर चार दिन चलेगा विशेष अभियान
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत 'नॉट अटेंडेड' श्रेणी में लंबित नहीं रहनी चाहिए। 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने तथा आगामी चार दिनों तक विशेष अभियान चलाकर शिकायतों का आवेदक की संतुष्टि के अनुरूप समाधान कराने को कहा। उन्होंने विभागों को शिकायतों के निराकरण में गंभीरता दिखाते हुए जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों और स्वामित्व योजना पर विशेष जोर
राजस्व विभाग की समीक्षा में स्वामित्व योजना के अंतर्गत निःशुल्क रजिस्ट्री प्रक्रिया की तहसीलवार प्रगति का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने तहसीलदारों को प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर रजिस्ट्री प्रक्रिया में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। सीमांकन से संबंधित प्रकरणों को भी प्राथमिकता से निपटाने को कहा गया।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
संबल योजना के लंबित मामलों पर दो जनपद सीईओ को नोटिस
मुख्यमंत्री संबल योजना के अंतर्गत पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता राशि जारी करने की प्रगति की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जनपद पंचायत घंसौर एवं धनौरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने संबल योजना के सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गर्भवती महिलाओं और आयुष्मान कार्ड पर फोकस
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में एएनसी पंजीयन की स्थिति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि कोई भी पात्र गर्भवती महिला पंजीयन से वंचित नहीं रहनी चाहिए। एनीमिक एवं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करने तथा उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
टीबी स्क्रीनिंग और आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों की पहचान कर शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने की दिशा में तेजी से काम करने तथा मैदानी स्तर पर इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
लाड़ली लक्ष्मी और बाल स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम, पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) की क्रियाशीलता तथा नवीन आंगनवाड़ी केंद्रों की प्रगति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने, बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने और एनआरसी का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राशन वितरण से लेकर छात्रावासों तक की व्यवस्थाओं पर नजर
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण की समीक्षा के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों एवं छात्रावासों में खाद्यान्न की उपलब्धता और वितरण की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा।
स्वरोजगार योजनाओं में लक्ष्यपूर्ति के निर्देश
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, आदिवासी वित्त एवं विकास निगम, जिला अंत्यावसायी, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यानिकी एवं पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की स्वरोजगारमूलक योजनाओं की लक्ष्यवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने, स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने तथा लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के शेष कनेक्शन शीघ्र पूरे करने को कहा
जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल-जल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष नल कनेक्शनों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रत्येक शेष कनेक्शन के लिए माइक्रो प्लान तैयार कर कार्ययोजना के अनुसार काम करने तथा नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया।
खाद-बीज की उपलब्धता में न हो किसानों को परेशानी
खाद एवं बीज की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आगामी आवश्यकता का आकलन कर पर्याप्त भंडारण तथा समय पर सुगम वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नरवाई प्रबंधन के लिए किसानों को करेंगे जागरूक
नरवाई प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को कृषक संगठनों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। किसानों को नरवाई जलाने के दुष्परिणामों के साथ इसके वैकल्पिक प्रबंधन उपायों, उर्वरकों के मानक उपयोग एवं कृषि संबंधी आवश्यक जानकारियों से अवगत कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
धान उपार्जन की तैयारियों और किसान सत्यापन की समीक्षा
आगामी धान उपार्जन की तैयारियों का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कृषक सत्यापन की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा, ताकि किसानों को उपार्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
158 छात्रावासों का निरीक्षण करेंगे नियुक्त अधिकारी
जनजातीय गौरव दिवस के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार जिले के 158 छात्रावासों के निरीक्षण के लिए नियुक्त अधिकारियों को कलेक्टर ने विस्तृत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में छात्र-छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, खेल सामग्री तथा कर्मचारियों की उपस्थिति सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। कमियों को चिह्नित कर उनके निराकरण की कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।
स्कूल-कॉलेज बसों की फिटनेस और सुरक्षा की होगी जांच
स्कूल एवं कॉलेजों में संचालित बसों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आरटीओ को नियमित जांच करने के निर्देश दिए। बसों की फिटनेस, आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई और नशामुक्ति अभियान पर जोर
बैठक में अवैध शराब के विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रभावी कार्रवाई करने के साथ स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास संचालित दुकानों की जांच कर नियमानुसार कदम उठाने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए नशामुक्ति जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया।
अपार आईडी निर्माण के लिए विशेष शिविर
अपार आईडी (APAAR ID) निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सिवनी, केवलारी एवं छपारा विकासखंडों में विशेष शिविर आयोजित कर शेष लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर नीलमणी अग्निहोत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।