बाहुबली लॉन में होगा भव्य नागरिक अभिनंदन, राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक एवं कर्मचारी संगठनों सहित स्वयंसेवी संस्थाएं करेंगी अभिनंदन
Seoni, 07 November 2026
सिवनी यशो:- ग्राम पंचायत के पंच से विधायक, कैबिनेट मंत्री, सांसद और अब उत्तराखण्ड के महामहिम राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले डॉ. ढालसिंह बिसेन का शपथ ग्रहण के पश्चात प्रथम सिवनी नगर आगमन 7 नवंबर को होने जा रहा है। अपनी माटी के इस सपूत के स्वागत और अभिनंदन को लेकर सिवनी नगर में उत्साह का माहौल है। उनके प्रथम आगमन को यादगार बनाने के लिए बाहुबली लॉन में भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह की व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों, संगठनों और संस्थाओं की सहभागिता रहेगी।
निर्धारित प्रवास कार्यक्रम के अनुसार उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन 7 से 12 नवंबर 2026 तक मध्यप्रदेश के प्रवास पर रहेंगे। वे 7 नवंबर को जबलपुर स्थित डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से सड़क मार्ग द्वारा सिवनी के लिए रवाना होंगे। दोपहर लगभग 2:35 बजे उनका सिवनी के बाहुबली लॉन में आगमन होगा। यहां आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम के पश्चात वे सिवनी में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
सर्वसमाज की सहभागिता से होगा नागरिक अभिनंदन
महामहिम राज्यपाल के नागरिक अभिनंदन समारोह को लेकर बाहुबली लॉन में व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस गरिमामय आयोजन में जिले के राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे। जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक और संगठन प्रतिनिधि भी समारोह में उपस्थित होकर राज्यपाल का अभिनंदन करेंगे।
आयोजन को सर्वसमाज की सहभागिता वाला गरिमामय समारोह बनाने की तैयारी है। सिवनी की धरती से निकलकर देश के एक राज्य के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचे व्यक्तित्व का सम्मान करने के लिए विभिन्न वर्गों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
12 नवंबर तक सिवनी सहित मध्यप्रदेश के प्रवास पर रहेंगे राज्यपाल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन 8 से 10 नवंबर तक सिवनी में प्रवास करेंगे। इसके पश्चात 11 नवंबर को वे बालाघाट जिले के ग्राम गर्रा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में सहभागिता के बाद पुनः सिवनी लौटकर रात्रि विश्राम करेंगे। 12 नवंबर को प्रातः सिवनी से जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे।
पंचायत के पंच से राजभवन तक की प्रेरक यात्रा
डॉ. ढालसिंह बिसेन का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, संगठनात्मक समर्पण और जनसेवा की लंबी यात्रा का उदाहरण है। वर्ष 1976 में ग्राम पंचायत के पंच के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले डॉ. बिसेन ने वर्ष 1990 में पहली बार बरघाट विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होकर राजनीतिक यात्रा में महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया।
लगातार चार बार विधायक निर्वाचित होने के साथ उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व संभाला। वर्ष 2019 में बालाघाट लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित होकर संसद पहुंचे। अब उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में संवैधानिक दायित्व संभालने के बाद उनका अपनी कर्मभूमि और गृह अंचल सिवनी में प्रथम आगमन जिले के लिए गौरव का अवसर है।
पंचायत के एक पंच से देश के एक राज्य के महामहिम राज्यपाल तक पहुंचने का उनका सफर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का विषय है। 7 नवंबर को होने वाला नागरिक अभिनंदन समारोह केवल एक संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति का स्वागत नहीं, बल्कि सिवनी की माटी से जुड़े उस लंबे संघर्ष, जनसेवा और उपलब्धियों का सम्मान होगा, जिसने जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।