नेशनल हाईवे-44 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बालाघाट 36वीं बटालियन के सरकारी वाहन को पीछे से मारी टक्कर; हादसे के बाद ट्रक पलटा, चालक-कंडक्टर मौके से फरार
Seoni, 04 November 2026
सिवनी / छपारा यशो। नेशनल हाईवे-44 स्थित छपारा बाईपास चौराहे पर बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बालाघाट 36वीं बटालियन के सरकारी पुलिस वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन में सवार डीएसपी विमलेश उईके को मामूली चोटें आई हैं।

उन्हें तत्काल छपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जबकि चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए।
जबलपुर से बालाघाट लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीएसपी विमलेश उईके अपने गनमैन, वाहन चालक और एक आरक्षक के साथ सरकारी पुलिस वाहन से जबलपुर से बालाघाट लौट रहे थे। इसी दौरान छपारा बाईपास चौराहे के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस भिड़ंत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया
टक्कर के बाद पलटा ट्रक, चालक-कंडक्टर फरार
पुलिस वाहन को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही छपारा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डीएसपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
पुलिस ने शुरू की जांच, फरार आरोपियों की तलाश
हादसे के बाद छपारा पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रक चालक और कंडक्टर की तलाश में जुटी है। तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही से जुड़े इस हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।