प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में होगा भवन विस्तार एवं अन्य विकास कार्य, विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जताया आभार
सिवनी यशो :- सिवनी की उच्च शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी में भवन विस्तार एवं अन्य आवश्यक विकास कार्यों के लिए उच्च शिक्षा विभाग मंत्रालय द्वारा 10 करोड़ 64 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस बड़ी सौगात से महाविद्यालय की शैक्षणिक अधोसंरचना का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने इसे सिवनी के विद्यार्थियों, युवाओं और समस्त क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का सबसे मजबूत आधार है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाओं और पर्याप्त अधोसंरचना का होना बेहद आवश्यक है।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी में भवन विस्तार एवं अन्य विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ 64 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिलना जिले की उच्च शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास को मिल रही नई गति
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अधोसंरचनात्मक विकास को प्राथमिकता दे रही है। सिवनी जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर सकारात्मक निर्णय ले रही है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्रस्तावित विकास कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उच्च शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार होगा। यह स्वीकृति आने वाले समय में सिवनी के शैक्षणिक परिदृश्य को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उच्च शिक्षा विभाग के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सिवनी के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में लिए जा रहे निर्णय निश्चित रूप से क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा प्रदान करेंगे।