Seoni 05 March 2025
सिवनी यशो :- जय श्रीराम के जय घोष से गुंजायमान और हजारों दीपों की जगमग रोशनी से जगमगाता श्रीराम दरबार गांधी चौक शुक्रवारी जहां चैत्र नवरात्र के साथ नव वर्ष के इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में उपस्थित सनातनी बंधुओं में मातृशक्ति बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। नगर के ह्रदय स्थल नाम से पहचाने जाने वाला गांधी चौक (शुक्रवारी) जहां श्रीराम दरबार में शाम होते ही सभी उम्र के श्रृद्धालुओं की भीड़ आकर्षक साज सज्जा से सजे श्रीराम दरबार के दर्शन करने उमड़ रही है जो रात्रि 8 बजे से सुमधुर भजन, स्तुति और सामूहिक महाआरती में अपनी व अपने परिवार जनों की उपस्थिति दर्ज कराने के प्रति हर रोज आतुर रहती है।
ज्ञात हो कि विगत 2 अप्रैल को नगर के ह्रदय स्थल गांधी चौक के मंच पर स्थापित श्रीराम दरबार में आस्था की डुबकी लगाने के लिए सभी धर्मों के अनुयायियों की उपस्थिति रहती है वहीं श्रीराम जी की आरती उतारने के लिए सनातनी बंधु पूरे श्रृद्धाभाव से लालायित रहते हैं। सर्व प्रथम भारत माता की जय कार के साथ राष्ट्रगान के पश्चात् श्रीराम स्तुति और फिर श्रीराम जी के गगनभेदी जयघोष के बाद सामूहिक आरती का विहंगम दृश्य व सैंकड़ों दीपों की रोशनी से जगमगाता श्रीराम दरबार अद्भुत और अलौकिक नजर आता है।
इसी कड़ी में प्रति वर्षानुसार 6 अप्रैल रामनवमी को सुबह 9 बजे से गांधी चौक स्थित श्रीराम मंदिर में भजन-कीर्तन, पूजा अर्चना के साथ दोपहर 12 बजे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम जी का जन्मोत्सव पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा तत्पश्चात् दोपहर 3 बजे से एक भव्य शोभायात्रा श्रीराम जी की जय जयकार के साथ निकाली जाएगी जो श्रीराम मंदिर से नेहरू रोड होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से होकर पुन: गांधी चौक शुक्रवारी में ही आकर समाप्त होगी जहां महाप्रसाद वितरण के पश्चात् कार्यक्रम का समापन होगा।






