क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

चांदी के जेवर साफ करने के नाम पर ठगी की आशंका, ग्रामीणों ने संदिग्ध युवक को पकड़ा

चार युवक बिहार के बताए जा रहे, बालाघाट के लॉज में ठहरने की चर्चा; पुलिस पूछताछ में जुटी

चांदी के जेवर साफ करने के नाम पर ठगी की आशंका, ग्रामीणों ने संदिग्ध युवक को पकड़ा

सिवनी यशो :- जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बादलपार पुलिस चौकी के ग्राम चक्कीखमरिया एवं कटंगी बंजर में चांदी के जेवर साफ करने के नाम पर कथित ठगी की आशंका का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता और सूझबूझ के चलते एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पकड़े गए युवक से पूछताछ जारी है।

घर-घर पहुंचकर जेवर साफ करने का देते थे झांसा

जानकारी के अनुसार चार युवक, जो मूल रूप से बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं और वर्तमान में बालाघाट के एक लॉज में ठहरे होने की चर्चा है, पिछले कुछ दिनों से आसपास के गांवों में घूमते हुए नजर आ रहे थे। आरोप है कि ये युवक घर-घर जाकर ग्रामीणों को चांदी के जेवर साफ और चमकाने का प्रलोभन देते थे।

ग्रामीणों के अनुसार, विश्वास में लेने के बाद जेवरों को साफ करने के लिए किसी रासायनिक पदार्थ अथवा एसिड का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। इससे जेवरों को नुकसान पहुंचने की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जेवर साफ करने के बाद युवक जल्दबाजी में वहां से निकल जाते थे।

संदेह होने पर ग्रामीणों ने रखी नजर

इन युवकों की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों को जब संदेह हुआ तो उन्होंने सतर्कता बरतते हुए उनकी गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। उसके अन्य साथी मौके से चले गए होने की चर्चा है।

ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक के साथ किसी प्रकार का विवाद किए बिना उसे बादलपार पुलिस चौकी पहुंचाया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस कर रही संदिग्ध युवक से पूछताछ

बादलपार चौकी प्रभारी इंजन सिंह मर्सकोले ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके साथियों और उनके गांवों में घूमने तथा जेवर साफ करने से संबंधित गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों में बढ़ी सतर्कता

घटना सामने आने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में आने वाले बाहरी व्यक्तियों की पहचान और उनकी गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है। ग्रामीणों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपों की वास्तविकता सामने लाने तथा यदि किसी गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि होती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने सोने-चांदी के जेवर या अन्य कीमती सामान साफ कराने अथवा जांच के नाम पर न दें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति गांव में घूमता दिखाई दे या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को सूचना दें।

पुलिस के अनुसार समय रहते सूचना मिलने से संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है और लोगों को संभावित नुकसान से बचाया जा सकता है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button