कल्चुरी समाज के मेधावी बच्चे देश सेवा में जुटें : विधायक दिनेश राय
कल्चुरी प्रज्ञा सम्मान” समारोह में 10वीं-12वीं के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कल्चुरी प्रज्ञा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, विधायक दिनेश राय ने बढ़ाया उत्साह
सिवनी यशो :- हैहय कल्चुरी (कलार) समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने हेतु आयोजित “कल्चुरी प्रज्ञा सम्मान” समारोह में सिवनी विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली बच्चे अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर उच्च पद प्राप्त कर देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी केवल अपने परिवार या समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश का भविष्य है।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सहस्त्रबाहु एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. गजेन्द्र जायसवाल ने “कल्चुरी प्रज्ञा सम्मान” समारोह की आवश्यकता एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
समारोह में कक्षा 10वीं के 31 तथा कक्षा 12वीं के 18 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विधायक श्री दिनेश राय ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों को प्रेरणा देने के साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कल्चुरी फाउंडेशन सिवनी की सराहना करते हुए कहा कि समाज में शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए यह पहल अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री दिनेश राय ने प्रदेश में 9वां एवं जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कु. शुभी मनीष राय को विशेष सम्मान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाएं पूरे जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं।
ज्ञात हो कि सिंगरौली की कु. प्रज्ञा जायसवाल ने पूर्व सत्र में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त कर प्रदेश में इतिहास रचा था। उसी उपलब्धि से प्रेरित होकर कल्चुरी फाउंडेशन द्वारा विगत वर्ष से “कल्चुरी प्रज्ञा सम्मान” कार्यक्रम प्रारंभ किया गया, जिसके अंतर्गत 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है।
समारोह में डॉ. शुभम शिवहरे एवं डॉ. आयुषी शिवहरे ने विद्यार्थियों को मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए एमबीबीएस परीक्षा की तैयारी के टिप्स दिए। वहीं आईपीएस स्कूल के संचालक श्री जितेंद्र चौकसे ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को मेडिकल, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, सीए, प्रशासनिक सेवा एवं आर्मी सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष कलार समाज श्री प्रदीप राय, श्री जवाहर लाल राय सहित अन्य वक्ताओं ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक श्री दिनेश राय सहित मंचासीन अतिथियों द्वारा कल्चुरी फाउंडेशन के सक्रिय सदस्यों एवं कार्यक्रम आयोजकों का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का होगा सम्मान
कल्चुरी फाउंडेशन से अरुण राय ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को आगामी “कल्चुरी प्रज्ञा सम्मान” समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने समाज के सभी बंधुओं से आग्रह किया है कि पात्र विद्यार्थियों की अंकसूची की छायाप्रति, पता एवं मोबाइल नंबर सहित निर्धारित तिथि तक व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
संपर्क नंबर:
- आदेश मालवीय – 9407815912
- संतोष सूर्यवंशी – 9381742955
- अमित राय – 7999702547
- संतोष राय – 8959369091
- महेश सूर्यवंशी – 9406721273



