आदिवासी कन्या आश्रम की हालत बदतर पालक को नहीं दी जा रही टीसी, पालक परेशान
सिवनी 02 जुलाई 2025
सिवनी यशो:- जिले में संचालित आदिवासी कन्या आश्रमों की हालत बद से बदतर हो चुकी है पालक अपने बच्चों को वहाँ पढ़ाना नहीं चाहते परंतु कन्या आश्रम की अधीक्षका अपने आश्रम की छात्र संख्या का पर्याप्त रिकार्ड दर्ज रखने के मंशा से छात्राओं की टी सी नहीं दे रही है और पालको को परेशान कर रही है ।
ऐसा ही एक मामला आदिवासी विकासखंड धनौरा के भुरकुंटी आश्रम का सामने आया है । जहाँ आव्यवस्थाओं से परेशान होकर पालक सेवकराम विश्वकर्मा अपनी कक्षा चार में अध्ययनरत पुत्री को निकालकर अन्य स्कूल में प्रवेश दिलाना चाहते है परंतु कन्या आश्रम की अधीक्षका छात्रा की टीसी नहीं दे रही है और कन्या आश्रम में रखने के लिये पालक को मजबूर कर रही है ।
अधीक्ष्का की जबरदस्ती से पालक बुरी तरह परेशान है और उसने जिला कलेक्टर को एक आवेदन देकर कन्या आश्रम से बच्ची का स्थानांतरण प्रमाण पत्र दिलाने की मांग की है । जिसमें उसने उल्लेख किया है कि वह गंगई रैयत निवासी मजदूर हूँ मै अपनी पुत्री श्वेता विश्वकर्मा को अपने पास में रखकर गंगई रैयत में ही पढ़ाना चाहता हूँ परंतु आश्रम अधीक्षका निर्मला भलावी उन्हें परेशान कर रही है और स्थानांतरण प्रमाण पत्र नहीं दे रही है ।
सेवकराम ने बताया कि वह अनेक बार काम धंधा छोड़कर कन्या आश्रम के चक्कर लगा चुका है परंतु प्रमाण पत्र प्रदान नहीं किया गया है । कन्या आश्रम की एक तो अधीक्षका आश्रम में मिलती नहीं है और फोन भी नहीं उठाती है और जब मिलती है तो टी सी देने से मना करती है और कहती है कि सिवनी से अनुमति मिले बिना टी सी प्रदान नहीं की जायेगी । कन्या आश्रम की अधीक्षका की मनमानी से मजदूर पिछले 15 दिन से बेहद परेशान हो चुका है ।



