सूने घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी का खुलासा, बरघाट पुलिस ने 2 शातिर चोरों को दबोचा
सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत 3.50 लाख का माल बरामद, वारदात में इस्तेमाल 1.20 लाख की बर्गमेन स्कूटी भी जब्त; दोनों आरोपी जेल भेजे गए
बरघाट में सूने घर में चोरी का खुलासा, 2 शातिर चोर गिरफ्तार; 4.70 लाख की जप्ती
Seoni 17 August 2026
सिवनी/बरघाट यशो:- जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सिवनी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बरघाट पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल की गई करीब 1.20 लाख रुपये कीमत की सुजुकी बर्गमेन स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस के अनुसार चोरी किए गए माल और वाहन समेत कुल करीब 4.70 लाख रुपये की जप्ती की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
सूने मकान को बनाया था निशाना
पुलिस के मुताबिक 22 जुलाई 2026 को रामलखन गुप्ता पिता स्वर्गीय रामसेवक गुप्ता, निवासी कुम्हारी मोहल्ला बरघाट ने थाना बरघाट में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि 17 और 18 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवरात के साथ नकदी चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद बरघाट पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 0431/2026, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
इसके साथ ही पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार की गई पतासाजी और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी के आधार पर पुलिस को दो संदिग्धों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
जुआ और घूमने-फिरने के शौक के लिए की चोरी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जुआ खेलने और घूमने-फिरने के शौक को पूरा करने के लिए चोरी की थी। चोरी से प्राप्त रकम में से कुछ राशि खर्च भी कर दी गई थी।
आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद कर ली।
ये आरोपी गिरफ्तार
बरघाट पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
1. अफरोज खान उर्फ बिजली, पिता सलीम खान, उम्र 21 वर्ष, निवासी भगतसिंह वार्ड, सिवनी।
2. नबील खान, पिता साहिल खान, उम्र 18 वर्ष, निवासी गांधी वार्ड, सिवनी।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का निम्न मशरूका बरामद किया है—
- 02 सोने के कंगन
- 01 सोने की चैन
- 04 सोने के कान के बाले
- 05 सोने की नाक की लौंग
- 07 चांदी की बिछिया
- 03 चांदी की चैन
- 02 चांदी की पायल
- 3,050 रुपये नकद
बरामद चोरी के मशरूके की कुल कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये बताई गई है।
वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त
चोरी की घटना में प्रयुक्त सुजुकी कंपनी की बर्गमेन स्कूटी क्रमांक MP22ZJ7699 भी पुलिस ने जब्त की है। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये है।
इस तरह चोरी के मशरूके और वारदात में प्रयुक्त वाहन को मिलाकर पुलिस ने लगभग 4.70 लाख रुपये की कुल जप्ती की है।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी बरघाट ललित गठरे के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस अधिकारियों ने चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
चोरी की वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी बरघाट निरीक्षक मोहनीश सिंह बैस, उप निरीक्षक राहुल काकोडिया, प्रधान आरक्षक 243 राजेन्द्र राजपूत, प्रधान आरक्षक 506 मेघेन्द्र राहंगडाले, प्रधान आरक्षक 433 बलवंत उइके, आरक्षक 140 कृष्णाकुमार भालेकर, आरक्षक 680 पराग राहंगडाले, आरक्षक 741 संजू उइके, आरक्षक 453 सरविंद भलावी एवं आरक्षक चालक 527 चन्द्रदीप हिवारे की विशेष भूमिका रही।
बरघाट पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की वारदात के आरोपियों तक पहुंचने के साथ ही चोरी का अधिकांश मशरूका बरामद करने में सफलता मिली है।
यह भी पढ़े :-
नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश का दबदबा, छह नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारियां
ऐतिहासिक रामलीला का 138वां वर्ष, 1 सितंबर से शुरू होगा कलाकारों का पूर्वाभ्यास



