छिंदवाड़ाधर्ममध्यप्रदेश

ऐतिहासिक रामलीला का 138वां वर्ष, 1 सितंबर से शुरू होगा कलाकारों का पूर्वाभ्यास

श्रीराम मंदिर परिसर में हुई महत्वपूर्ण बैठक, इस बार नए प्रसंगों और आकर्षक प्रस्तुति पर जोर; गुणवत्ता को दी जाएगी प्राथमिकता

छिंदवाड़ा की ऐतिहासिक रामलीला का 138वां वर्ष, 1 सितंबर से शुरू होगा पूर्वाभ्यास

Chhindwara 16 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- अपनी अनूठी कला, भव्य प्रस्तुति और समृद्ध धार्मिक परंपरा के लिए देशभर में पहचान रखने वाले श्री रामलीला मंडल, छिंदवाड़ा की ऐतिहासिक रामलीला के 138वें वर्ष के मंचन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भगवान श्रीराम की लीलाओं के माध्यम से भक्ति के साथ समाज को जीवन मूल्यों और सकारात्मक संदेश देने वाली इस ऐतिहासिक रामलीला के आगामी मंचन को लेकर कलाकारों की महत्वपूर्ण बैठक छोटी बाजार स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में आयोजित हुई।

मंडल अध्यक्ष अरविंद राजपूत के निर्देशानुसार आयोजित बैठक का शुभारंभ परंपरागत रूप से महासंत श्री चौबे बाबा जी के पूजन, भगवान श्रीराम एवं श्री हनुमान जी महाराज के चरण वंदन और रामलीला मंच के पूजन के साथ किया गया। इसके बाद मुख्य निर्देशक श्रांत चंदेल की अध्यक्षता में बैठक की कार्यवाही शुरू हुई।

1 सितंबर से शुरू होगा पूर्वाभ्यास

श्री रामलीला मंडल के प्रवक्ता ऋषभ स्थापक ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से इस वर्ष के पूर्वाभ्यास की तिथि 1 सितंबर निर्धारित की गई है। कलाकारों का पूर्वाभ्यास प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से 11 बजे तक श्रीराम मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा।

रामलीला के 138वें वर्ष के मंचन को लेकर कलाकारों और पदाधिकारियों में खासा उत्साह है। बैठक में आगामी मंचन की तैयारियों, पात्रों की भूमिका और प्रस्तुति को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

नए प्रसंगों और आकर्षक प्रस्तुति पर रहेगा जोर

बैठक में इस वर्ष की रामलीला में नवीन प्रसंगों को शामिल करने तथा मंचन में नए और आकर्षक तत्व जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई। मंडल ने स्पष्ट किया कि इस बार प्रस्तुति में संख्या से अधिक गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि दर्शकों को उच्च स्तरीय, प्रभावशाली और यादगार रामलीला देखने को मिले।

मंडल के सदस्यों ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यबोध को समाज तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।

मिंटू सराठे बने प्रथम सह-निर्देशक

बैठक के दौरान मुख्य निर्देशक श्रांत चंदेल ने आगामी रामलीला मंचन के लिए अपने प्रथम सह-निर्देशक के रूप में मिंटू सराठे के नाम की घोषणा की। घोषणा के बाद मंडल के सदस्यों ने उनका स्वागत किया और सफल मंचन के लिए शुभकामनाएं दीं।

वरिष्ठ कलाकारों की रही मौजूदगी

बैठक में रामलीला मंडल के संरक्षक सतीश दुबे ‘लाला’, वरिष्ठ कलाकार विजय आनंद दुबे, पूर्व मुख्य निर्देशक पंडित वीरेंद्र शुक्ल, राहुल पिंटू द्विवेदी, राजू माहोरे, नरेंद्र चंदेल, जितेंद्र सोनी, शशांक दुबे, ऋषभ स्थापक, उत्तम सोनी और संतोष नामदेव सहित मंडल के अन्य समर्पित कलाकार एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

138वें वर्ष की रामलीला के पूर्वाभ्यास के साथ ही छिंदवाड़ा की इस गौरवशाली सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा के एक और भव्य अध्याय की शुरुआत होने जा रही है।

यह भी पढ़े :-

‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान पर भड़की भाजपा, कांग्रेस के बर्ताव के विरोध में सिवनी में आज कैंडल मार्च

तिरंगे की शान, देशभक्ति का जुनून और 24 प्लाटून की कदमताल से गूंजा सिवनी; कलेक्टर नेहा मीना ने फहराया तिरंगा

सिद्धघाट बनेगा सिवनी का नया पर्यटन केंद्र! कलेक्टर नेहा मीना ने लिया जायजा, विकास का प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश

ट्रक में आग के बाद 4 घंटे NH-44 जाम, पत्थरबाजी के बीच पुलिस वाहन पलटा; 3 पुलिसकर्मी घायल

https://www.youtube.com/live/NKou4Pgt8Vg?si=Yh7a-JsZY18WS_mc

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button