बाघ के हमले में महिला की मौत, सीएम डॉ. यादव ने मृतका के परिजनों को दिया 25 लाख रुपये का मुआवजा
उमरिया में बांधवगढ़ नेशनल पार्क में घटी घटना, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, घायलों के लिए आर्थिक सहायता और फ्री इलाज की घोषणा

बांधवगढ़ में बाघ का हमला – महिला की मौत, सीएम मोहन यादव ने दिए 25 लाख मुआवजा
Bhopal 24 May 2026
भोपाल यशो:- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ नेशनल पार्क में बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतका के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के निःशुल्क उपचार और आवश्यक मुआवजा उपलब्ध कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान अंतर्गत ग्राम खेरवा टोला, जिला उमरिया में बाघ के हमले में महिला की मृत्यु अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
वन क्षेत्र से लगे ग्रामीण इलाकों में बाघों की गतिविधियों को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है। घटना के बाद वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



