सिवनी को संभाग और लोकसभा सीट दिलाने के लिए छिड़ेगा जनआंदोलन, सर्वदलीय बैठक में बनी सहमति
राजनीति से ऊपर उठकर जिले के विकास के लिए एकजुट होने का आह्वान, जल्द बनेगी आंदोलन की रणनीति
Seoni Division Demand और लोकसभा सीट वापस दिलाने के लिए होगा जनआंदोलन, सर्वदलीय बैठक में बनी रणनीति
Seoni 05 August 2026
सिवनी यशो:- सिवनी जिले को संभाग का दर्जा दिलाने एवं परिसीमन के दौरान समाप्त हुई सिवनी लोकसभा सीट को पुनः बहाल कराने की मांग को लेकर शहर के होटल हेरिटेज में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए व्यापक जनआंदोलन चलाने पर सहमति बनी। वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि सिवनी के हितों और विकास के लिए जनता का आंदोलन होगा।
बैठक में रमेश श्रीवास्तव, जगदीश तपिश, राजा बघेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन सिंह चंदेल, गौरव जायसवाल, मीना जायसवाल, नवेंदु मिश्रा, राजिक अकिल, आदित्य भूरा, साहिल खान, धनंजय चंदेल, तनवीर अहमद सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लोकसभा सीट वापस लाने के लिए बनेगा व्यापक अभियान
बैठक को संबोधित करते हुए राजा बघेल ने कहा कि परिसीमन के दौरान समाप्त हुई सिवनी लोकसभा सीट को वापस दिलाने के लिए अब व्यापक जनआंदोलन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगा और जिले के विकास के लिए सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों को एक मंच पर लाया जाएगा।
परिसीमन से पहले सजग रहने की जरूरत
गौरव जायसवाल ने कहा कि देश में आगामी परिसीमन को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। ऐसे में सिवनी को अपने अधिकारों के लिए अभी से सक्रिय होना होगा। उन्होंने कहा कि पत्राचार, जनसंपर्क और आधुनिक सूचना माध्यमों के जरिए जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी ताकि जिले की मांग केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
जिले के विकास के लिए एकजुट होने का आह्वान
महिला प्रतिनिधि मीना जायसवाल ने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी लोग मतभेद भुलाकर सिवनी के विकास के लिए एकजुट हों। उन्होंने कहा कि अपने जिले के लिए संघर्ष करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और सामूहिक प्रयासों से ही सफलता मिलेगी।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन सिंह चंदेल ने कहा कि पिछली बार लोकसभा सीट समाप्त होने की जानकारी तब मिली जब बहुत देर हो चुकी थी। इस बार सभी को समय रहते संगठित होकर सिवनी की आवाज दिल्ली तक पहुंचानी होगी।
वहीं राजिक अकिल ने कहा कि परिसीमन जिले के विकास का महत्वपूर्ण अवसर है और इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों को एक साथ आना होगा।
सिवनी को संभाग बनाने की मांग भी तेज होगी
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सिवनी भौगोलिक दृष्टि से संभाग बनने के लिए सबसे उपयुक्त जिला है। इसके बावजूद विभिन्न विभागों के क्षेत्रीय कार्यालय धीरे-धीरे छिंदवाड़ा स्थानांतरित किए जा रहे हैं, जिससे आशंका है कि भविष्य में छिंदवाड़ा को संभाग घोषित करने की तैयारी चल रही है।
वक्ताओं का कहना था कि सिवनी को संभाग बनाए जाने से केवल जिले ही नहीं, बल्कि बालाघाट, पांढुर्ना और छिंदवाड़ा सहित आसपास के जिलों को भी प्रशासनिक सुविधा मिलेगी। इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा तथा सभी राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से सहयोग मांगा जाएगा।
बैठक के अंत में पत्रकारों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी चर्चा हुई और शीघ्र ही आंदोलन की विस्तृत रणनीति तय करने के लिए अगली बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
यह भी पढ़े :-
कल छिंदवाड़ा आएंगे मुख्यमंत्री, आज तैयारी परखेंगे प्रभारी मंत्री राकेश सिंह
नैनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा ओवरब्रिज, पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन के प्रयासों से मिली स्वीकृति


