Seoni 29 September 2025
सिवनी/डूण्डासिवनी यशो :- नवरात्र पर्व के बीच रविवार रात बेलगांव (थाना डूण्डासिवनी क्षेत्र) के बजरंग चौक दुर्गा पंडाल में बड़ा हादसा हो गया। शराब के नशे में धुत चालक ने तेज रफ्तार महिन्द्रा पिकअप (क्र. MP-53-GA-0669) पंडाल में घुसा दी। हादसे में 9 श्रद्धालु घायल हो गए और दुर्गा प्रतिमा भी खंडित हो गई।

हादसे के बाद अफरा-तफरी
घटना रात करीब 7.30 बजे हुई, जब दुर्गा आरती के बाद श्रद्धालु पंडाल में मौजूद थे। अचानक पिकअप पंडाल में घुसने से चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। घायलों में महिलाएँ, युवक और बच्चे शामिल हैं।

घायलों की सूची
महानंद राहंगडाले (40 वर्ष, दोनों पैर में गंभीर चोट)
परमानंद राहंगडाले (32 वर्ष, पैर व कमर में चोट)
तिजूलाल विश्वकर्मा (32 वर्ष, दाहिने पैर में चोट)
कविता इनवाती (21 वर्ष, दोनों पैर में चोट)
राजेन्द्र राहंगडाले (20 वर्ष, पसली व पैर में चोट)
राधिका पुसाम (15 वर्ष, दाहिने पैर में चोट)
अंश (6 वर्ष, दोनों पैर में चोट)
आर्यन (3 वर्ष, पैर, नाक व पसली में चोट)
वंश (6 वर्ष, आँख के पास व पीठ में चोट)
आरोपी चालक गौरीशंकर पिता कान्हूलाल गौतम भी चोटिल हुआ है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
थाना डूण्डासिवनी पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 466/2025 दर्ज किया है। आरोपी पर धारा 281, 125(ए) बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे अभिरक्षा में लिया गया है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दुर्घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन थाना परिसर में जब्त किया गया है।



