सिवनीक्राइममध्यप्रदेश

रेत खदान में फिर बवाल! कर्मचारी को घेरकर मारपीट, पिछले गोलीकांड की याद से बढ़ी चिंता

तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे करीब 9 लोगों पर रास्ता रोकने और मारपीट का आरोप, अनुज नागेश्वर ने उगली थाने में दी शिकायत

खुरसुरा रेत खदान में फिर बवाल, कर्मचारी से मारपीट की शिकायत

Seoni, 01 October 2026
सिवनी / केवलारी यशो:-
 खुरसुरा रेत खदान से जुड़े विवाद में एक बार फिर मारपीट का मामला सामने आया है। रेत खदान कर्मचारी अनुज नागेश्वर ने आरोप लगाया है कि 30 सितंबर की रात कुछ लोगों ने रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की। घटना को लेकर उन्होंने उगली थाना पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए पिछले वर्ष हुई गोलीबारी की घटना की पुनरावृत्ति की आशंका जताई है।

अनुज नागेश्वर, पिता विजय नागेश्वर, निवासी अरंडिया के अनुसार, वह 30 सितंबर की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच इमलीटोला से पांडिया छपारा जा रहे थे। इमलीटोला से आगे पहुंचने पर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार करीब नौ लोगों ने उनकी गाड़ी के सामने वाहन लगाकर उन्हें रोक लिया। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद रेत खदान से संबंधित विषय को लेकर उनके साथ बहस हुई और मारपीट की गई।

शिकायत में राजा चौहान, पिटू बिसेन, गोविंदा सहित अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस से घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

पिछले साल के गोलीकांड का भी उल्लेख

शिकायतकर्ता पक्ष ने पिछले वर्ष 19 नवंबर 2025 को खुरसुरा रेत खदान के सामने हुई गोलीबारी की घटना का भी उल्लेख किया है। इस घटना में विकास पटले के घायल होने की बात कही गई थी। इसके अलावा शिकायत में अनुराग तिवारी के साथ पूर्व में मारपीट तथा वाहन क्षतिग्रस्त किए जाने का भी दावा किया गया है।

इन घटनाओं का हवाला देते हुए शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि रेत खदान से जुड़े विवाद को लेकर क्षेत्र में दोबारा तनाव की स्थिति नहीं बननी चाहिए और पुलिस को समय रहते मामले में संज्ञान लेना चाहिए।

खदान संचालन शुरू होने से पहले विवाद

बताया गया है कि वर्षाकाल के दौरान रेत खदान का संचालन बंद रहता है। अक्टूबर से खनन गतिविधियां शुरू होने से पहले नदी क्षेत्र में रैम्प निर्माण, साफ-सफाई सहित अन्य तैयारियां कराई जाती हैं। इसी दौरान रेत खदान से जुड़े रास्ते और रेत परिवहन को लेकर विवाद की स्थिति सामने आने का दावा किया गया है।

शिकायतकर्ता पक्ष ने कुछ लोगों पर बिना रॉयल्टी ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने के लिए दबाव बनाने तथा खदान क्षेत्र में विवाद की स्थिति पैदा करने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस कार्रवाई पर नजर

मामले में अब उगली थाना पुलिस की जांच और कार्रवाई का इंतजार है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपों की जांच करने और भविष्य में किसी बड़ी घटना की आशंका को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

यह भी पढ़े :-

रेत खदान गोलीकांड पर सियासी तूफान, भाजपा जिला महामंत्री गजानंद पंचेश्वर ने खोला मोर्चा

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की परिचय एवं कामकाजी बैठक संपन्न

सिवनी में आवारा कुत्तों का आतंक: स्कूटी सवार को घेरा, मॉर्निंग वॉक से रात तक दहशत

खेत से बड़े बाजार तक पहुंचेगा सिवनी का जम्बो सीताफल, महाराष्ट्र पहुंचा किसान दल

गधे खा रहे च्यवनप्राश, होशियारों को नहीं मिल रही घास! गधे के नाम नर्सिंग सर्टिफिकेट ने MP में मचाया हड़कंप

https://www.naidunia.com/madhya-pradesh/seoni-seoni-news-a-young-man-returning-from-fair-was-shot-in-stomach-during-firing-over-a-dispute-8414752

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!