आदिवासी अंचल के उत्पाद को मिला वैश्विक बाजार, सिवनी जिले के लिए गौरव और किसानों की मेहनत को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
Seoni, 31 October 2026
सिवनी यशो:- सिवनी जिले के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि यहां के आदिवासी अंचल में उत्पादित प्रसिद्ध जम्बो सीताफल अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच गया है। जीआई टैग प्राप्त सिवनी जम्बो सीताफल की 1.25 टन की पहली निर्यात खेप दुबई के लिए रवाना की गई। यह उपलब्धि न केवल जिले के कृषि उत्पाद की वैश्विक पहचान को मजबूत करेगी, बल्कि आदिवासी क्षेत्र के किसानों, उत्पादक समूहों और स्व-सहायता समूहों की मेहनत को भी नई पहचान दिलाएगी।

कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से निर्यात खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस खेप में सीताफल के 400 पैकेट शामिल हैं। इन्हें सड़क मार्ग से नागपुर पहुंचाया जाएगा, जहां से एयर कार्गो के माध्यम से शारजाह होते हुए दुबई भेजा जाएगा।
सिवनी का जम्बो सीताफल अपनी विशिष्ट पहचान और गुणवत्ता के लिए जाना जाता है। जीआई टैग मिलने के बाद इसके निर्यात की दिशा में यह पहला बड़ा कदम है। जिले के आदिवासी अंचल में पैदा होने वाले इस उत्पाद का विदेशों तक पहुंचना स्थानीय कृषि, प्राकृतिक संपदा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे क्षेत्र के किसानों को बेहतर बाजार और उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
‘सीताफल से समृद्धि अभियान’ से मिली नई दिशा
जिला प्रशासन, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त प्रयासों से ‘सीताफल से समृद्धि अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और विपणन तक की व्यवस्था विकसित की जा रही है। एपीडा और एमपीआईडीसी के सहयोग से वैज्ञानिक तरीके से फसल की तुड़ाई, गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग और कोल्ड चेन जैसी सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
जम्बो सीताफल जिले का एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) भी है। उत्पादक समूहों और स्थानीय स्व-सहायता समूहों से किसानों एवं महिलाओं का सीताफल उचित मूल्य पर खरीदकर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उसकी छंटाई, ग्रेडिंग और पैकेजिंग की जा रही है। इस प्रक्रिया से ग्रामीण महिलाओं को भी आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने कहा कि जिले के उत्पादों को देश और दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दुबई के बाद लंदन और कनाडा सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सिवनी के उत्पादों की पहुंच बनाने का लक्ष्य है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टेट प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री मनीष पवार, एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक अनिल कुमार राठौर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजलि शाह, एपीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक निशांत बंसोड़, जिला उद्यानिकी अधिकारी डॉ. आशा उपवंशी वासेवार, डीपीएम संजय रस्तोगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सिवनी के जम्बो सीताफल की यह पहली अंतरराष्ट्रीय खेप जिले के लिए एक नई उपलब्धि है।
आदिवासी अंचल के खेतों से निकला यह उत्पाद अब सात समंदर पार अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। यह पहल स्थानीय किसानों की मेहनत, महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी और जिले की संभावनाओं को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।