सिवनी में नेत्रहीन कलाकारों की भजन संध्या, मानव सेवा का संदेश
नवरंगपुर (ओडिशा) के नेत्रहीन विद्यालय हेतु धन संग्रह
Seoni 08 December 2025
सिवनी यशो :- शहर के ऐतिहासिक शुक्रवारी चौक में ओडिशा से आई नेत्रहीन कलाकारों की एक टोली ने सुमधुर धुनों के साथ संदेशात्मक भजन प्रस्तुत किए। नेत्रहीन कलाकारों का यह भजन संध्या कार्यक्रम प्रेरणादायक रहा, जिसमें कलाकारों ने अपनी दिव्य आवाज़ से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया।

इन कलाकारों के दल के सभी सदस्य पूर्णतः नेत्रहीन हैं, लेकिन उनके गायन की स्वर–लहरी ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। प्रस्तुत भजनों का मुख्य विषय मानव सेवा, सहायताभाव और सकारात्मक जीवन दर्शन रहा।
“मानव सेवा ही माधव सेवा”, कलाकारों का संदेश
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने कहा—
“मानव सेवा ही माधव सेवा है।”
उन्होंने समाज से आग्रह किया कि वे अपने आसपास के असहाय,
जरूरतमंद और दिव्यांग जनों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहें।
नवरंगपुर (ओडिशा) के नेत्रहीन विद्यालय हेतु धन संग्रह
शुक्रवारी चौक में आयोजित इस भजन संध्या का उद्देश्य मनोरंजन मात्र नहीं था,
बल्कि यह उन मूक-बधिर एवं नेत्रहीन बच्चों की शिक्षा हेतु धन जुटाने का प्रयास था,
जिनकी देखभाल नवरंगपुर,ओडिशा स्थित एक नेत्रहीन विद्यालय करता है।
दल के सदस्य ने बताया—
“हमारी टीम लोगों की मांग पर विभिन्न स्थानों पर प्रस्तुति देती है। प्राप्त धनराशि नेत्रहीन बच्चों के स्कूल संचालन में लगाई जाती है। हमारा उद्देश्य संगीत से अधिक, उन बच्चों को शिक्षा देना है जो देख या सुन नहीं सकते।”
लोगों ने की सराहना, दिया उदार दान
भजन संध्या के दौरान राहगीर भी रुककर कलाकारों की प्रस्तुति सुनने लगे।
एक श्रोता ने कहा—
“इन कलाकारों का हौसला काबिले तारीफ है। ये न केवल अपनी कला दिखा रहे हैं, बल्कि दूसरों के जीवन में उम्मीद जगा रहे हैं।”
लोगों ने खुले दिल से सहयोग राशि दी, जिससे मूक-बधिर बच्चों की शिक्षा और भविष्य संवारने में मदद मिलेगी।



