बस हादसे पर गरमाई राजनीति: पीड़ित परिवारों को 1 करोड़ मुआवजा देने की मांग, जीतू पटवारी का सरकार पर हमला
छिंदवाड़ा पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, घायलों से मुलाकात कर कहा -‘यह हादसा नहीं, सरकारी लापरवाही’
छिंदवाड़ा बस हादसा मुआवजा
Chhindwara 28 March 2026
छिंदवाड़ा यशो:- नागपुर रोड स्थित सिमरिया के पास हुए भीषण बस हादसे के बाद मध्यप्रदेश की राजनीति गरमा गई है। जीतू पटवारी शनिवार को छिंदवाड़ा पहुंचे और जिला अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

उन्होंने पीड़ित परिवारों से चर्चा कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।
‘यह हादसा नहीं, सरकारी नाकामी’
पटवारी ने इस घटना को ‘सरकारी हत्या’ करार देते हुए कहा कि बस हादसे में हुई मौतें और घायल होना सीधे तौर पर सरकार की विफलता का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की सभा में लोगों को जबरन बसों में भरकर ले जाया गया।

उन्होंने एक दस्तावेज भी दिखाया, जिसमें जनपद पंचायत स्तर से अधिक से अधिक लोगों को सभा में लाने के निर्देश दिए गए थे।
एक करोड़ मुआवजे की मांग
जीतू पटवारी ने मांग की कि हादसे में मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
छिंदवाड़ा बस हादसा मुआवजा – अस्पताल से गांव तक पहुंचे पटवारी
पटवारी ने अस्पताल के अलावा प्रभावित गांवों—सौंसर, करेर, मुआर, झिरिया और झामटा—का दौरा कर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वल्लभ भवन भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है, जहां दलालों का बोलबाला है। साथ ही गैस और बिजली के बढ़े दामों को लेकर भी सरकार को घेरा।





