क्राइमछिंदवाड़ामध्यप्रदेश

चोरी की शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप, देहात थाना पुलिस पर गंभीर सवाल

20 लाख रुपये के सामान चोरी होने का दावा; शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग की

छिंदवाड़ा: चोरी की FIR नहीं होने का आरोप, देहात थाना पुलिस पर सवाल

Chhindwara 09 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:-
 शहर के हनुमान नगर वार्ड क्रमांक 48 में करीब 20 लाख रुपये के सामान चोरी होने के मामले में शिकायत दर्ज नहीं किए जाने का आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ताओं श्रीमती लक्ष्मी भलावी एवं मुकेश कुमार काकोड़िया ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर थाना देहात पुलिस पर चोरी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है। दोनों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गेट और मकान का ताला टूटा मिला

शिकायतकर्ताओं के अनुसार वे हनुमान नगर वार्ड क्रमांक 48 में राहुल मौर्य का मकान किराये पर लेकर रह रहे थे। इसी स्थान पर वे रेडीमेड कपड़े बनाने की यूनिट शुरू करने की तैयारी कर रहे थे। उनके मुताबिक यूनिट के लिए इलेक्ट्रिक की 16 मशीन, प्लेन की 8 मशीन तथा रेडीमेड कपड़े बनाने से संबंधित अन्य सामान रखा हुआ था।

शिकायतकर्ताओं का दावा है कि 23 अगस्त 2026 की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने मकान में धावा बोलकर सामान चोरी कर लिया। रात करीब 11:30 बजे जब वे मौके पर पहुंचे तो मकान के गेट का ताला टूटा हुआ था। इसके अलावा घर के मुख्य दरवाजे का हुक सहित ताला भी टूटा मिला।

112 पर दी सूचना, पुलिसकर्मी ने एफआईआर कराने की सलाह दी

घटना की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ताओं ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। उनका कहना है कि 112 पर तैनात आरक्षक के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया, जहां घर का सामान बिखरा मिला और कई सामान गायब थे।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने उन्हें तत्काल थाना जाकर एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद वे करीब रात 12 बजे थाना देहात पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि वहां उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

थाना प्रभारी पर डराने-धमकाने का आरोप

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि 5 सितंबर 2026 को उन्हें देहात थाना बुलाया गया, जहां थाना प्रभारी गोविन्द सिंह राजपूत द्वारा कथित रूप से उन्हें डराया-धमकाया गया। उनका आरोप है कि उनसे कहा गया कि “जो करना है कर लो और जहां जाना है वहां चले जाओ, मैं एफआईआर नहीं करूंगा।”

हालांकि, ये आरोप शिकायतकर्ताओं की ओर से लगाए गए हैं। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग

शिकायतकर्ताओं ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की यथाशीघ्र जांच कराने, चोरी की घटना का पता लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चोरी की शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।

मामले में अब पुलिस के उच्चाधिकारियों की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

यह भी पढ़े :-

बरघाट में नगर कांग्रेस कार्यालय का शुभारंभ, संगठन को मजबूत करने का संकल्प

शिक्षक पात्रता परीक्षा के विरोध में कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन, 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को छूट देने की मांग

संपादक शमीम खान पर हमले का खुलासा, 25 हजार की सुपारी लेने का पुलिस का दावा

सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की जिला कार्यशाला, सुमेर सिंह सोलंकी बोले—सेवा संगठन के कार्यकर्ता का संस्कार

https://x.com/NCIBHQ/status/1756909417961001089?s=20

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button