ठेकेदारों का आरोप– टेंडर से लेकर फाइल आगे बढ़ाने तक तय हैं कमीशन की दरें, भुगतान के लिए भी लगाने पड़ते हैं चक्कर
Chhindwara, 27 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आर.ई.एस.) विभाग में निर्माण कार्यों को लेकर कमीशनखोरी के आरोप सामने आए हैं। ठेकेदारों का आरोप है कि विभाग में बिना कमीशन दिए फाइल आगे नहीं बढ़ती। उनका दावा है कि विभाग में टेंडर स्वीकृति से लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों तक कमीशन की दरें निर्धारित हैं। इसके चलते निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ठेकेदारों के अनुसार, विभाग में टेंडर पास होने पर 2 प्रतिशत, कार्यपालन यंत्री के नाम पर 2 प्रतिशत, एसडीओ के स्तर पर 3 प्रतिशत, सब इंजीनियर के नाम पर 3 प्रतिशत तथा कार्यालय के स्तर पर 3 प्रतिशत कमीशन देना पड़ता है। इस तरह कुल 13 प्रतिशत कमीशन की राशि बताई जा रही है। ठेकेदारों का कहना है कि अन्य विभागों की तुलना में यहां कमीशन की कथित दरें अधिक हैं। उनका यह भी दावा है कि एक अन्य विभाग में तो कमीशन की दर 32 प्रतिशत तक बताई जाती है।
ठेकेदारों की परेशानी केवल कमीशन तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य पूरा करने के बाद भुगतान प्राप्त करने के लिए भी विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में ठेकेदार के सामने निर्माण सामग्री, मजदूरी और अन्य खर्चों के साथ कथित कमीशन का बोझ भी आ जाता है। सवाल यह है कि यदि ठेकेदार को इतनी बड़ी राशि कमीशन के रूप में देनी पड़ेगी तो वह निर्माण कार्य की गुणवत्ता और लागत का संतुलन कैसे बनाए रखेगा?
वहीं दूसरी ओर विभागीय अधिकारियों का कहना है कि फंड की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित और रुके हुए हैं। ऐसे में ठेकेदारों द्वारा लगाए जा रहे कमीशन संबंधी आरोपों और विभाग की ओर से बताई जा रही फंड की कमी के बीच वास्तविक स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इन आरोपों पर क्या जवाब देते हैं और क्या विभाग में कथित कमीशन व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाती है?