जिला अस्पताल परिसर के पार्किंग कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप, परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस युवक को अपने साथ ले गई
Chhindwara, 27 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- जिला अस्पताल परिसर में संचालित पार्किंग स्टैंड के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वाहन चालकों से कथित मनमाने शुल्क की वसूली और अभद्रता के आरोपों के बीच मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल में इलाज के दौरान नवजात शिशु की मौत के बाद जब परिजन उसका शव घर ले जा रहे थे, तब पार्किंग ठेकेदार के कर्मचारियों ने उनसे भी पार्किंग शुल्क मांग लिया।
बताया गया कि नवजात की मौत से परिजन गहरे सदमे में थे। इस दुखद परिस्थिति में पार्किंग शुल्क मांगे जाने पर उन्होंने भुगतान करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद पार्किंग ठेकेदार के कर्मचारियों ने परिजनों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
घटना से आहत परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पार्किंग ठेकेदार के एक युवक को अपने साथ ले गई।
जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह की घटना ने पार्किंग व्यवस्था और वहां तैनात कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।