पांच माह में 19 नावें और 600 से अधिक जाल नष्ट, अवैध मछली पकड़ने वालों से लेकर परिवहनकर्ता और विक्रेताओं तक पर होगी सख्त कार्रवाई
Seoni, 27 November 2026
सिवनी यशो:- तोतलाडोह जलाशय में जारी अवैध मत्स्याखेट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के वन विभाग ने अब संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। दोनों राज्यों के अधिकारियों ने जलाशय क्षेत्र में संयुक्त ड्रोन गश्ती करने और अवैध मत्स्याखेट में शामिल मछुआरों, मछलियों के परिवहनकर्ताओं तथा विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने पर सहमति जताई है।

इस संबंध में 19 नवम्बर 2026 को खवासा पर्यटन सुविधा केन्द्र में पेंच टाइगर रिजर्व मध्यप्रदेश एवं पेंच टाइगर रिजर्व महाराष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारियों की अंतरराज्यीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता पेंच टाइगर रिजर्व मध्यप्रदेश के क्षेत्र संचालक देव प्रसाद जे एवं महाराष्ट्र के क्षेत्र संचालक रमेश कुमार ने की। इसमें मध्यप्रदेश के उप संचालक पुनीत गोयल तथा महाराष्ट्र के उप संचालक अक्षय गजभिये सहित तोतलाडोह जलाशय की सीमा से लगे क्षेत्रों के सहायक संचालक और वन परिक्षेत्र अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में जलाशय में हो रही अवैध मत्स्याखेट की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विस्तृत रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों राज्यों के अधिकारियों ने इस समस्या से निपटने के लिए आपसी समन्वय मजबूत करने और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
तय किया गया कि जलाशय क्षेत्र में संयुक्त रूप से ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही अवैध मत्स्याखेट से जुड़े सभी स्तरों पर कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आगामी बैठकों में पुलिस, जलाशय प्रबंधन एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा।
पांच माह में 19 नावें और 600 से अधिक जाल नष्ट
बैठक में महाराष्ट्र के सिल्लारी में 3 जून 2026 को आयोजित पिछली अंतरराज्यीय बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि पिछले पांच माह के दौरान दोनों राज्यों के वन विभागों ने संयुक्त अभियान चलाकर लगभग 19 नावें और 600 से अधिक जाल नष्ट किए हैं। अवैध मत्स्याखेट में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई भी की गई है।
'एक तोतलाडोह, एक पेंच' की भावना से काम करने का संकल्प
दोनों राज्यों के अधिकारियों ने 'एक तोतलाडोह, एक पेंच' की भावना के साथ मिलकर काम करने और जलाशय में अवैध मत्स्याखेट को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लिया।
बैठक के बाद महाराष्ट्र से आए अधिकारियों को खवासा स्थित पेंच एडवांस्ड वार्निंग सिस्टम (PAWS) के एआई आधारित कंट्रोल रूम का प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। उन्हें बताया गया कि यह सिस्टम मानव-वन्यजीव संघर्ष की निगरानी, पर्यटन प्रबंधन, वन्यजीव रेस्क्यू और अन्य वन प्रबंधन संबंधी गतिविधियों में किस तरह उपयोगी साबित हो रहा है।
यह अंतरराज्यीय बैठक दोनों राज्यों के वन विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ ही तोतलाडोह जलाशय और सीमावर्ती क्षेत्रों में वन्यजीव संरक्षण तथा अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।