बीएससी तृतीय वर्ष (जैव प्रौद्योगिकी) में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, स्व. रवि अवधिया की सुपुत्री की उपलब्धि पर परिवार और नगर में हर्ष
Seoni, 27 November 2026
सिवनी / केवलारी यशो:- प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर केवलारी नगर की होनहार छात्रा मान्या अवधिया ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर नगर को गौरवान्वित किया है। मान्या ने शासकीय एम.एच. महिला गृहविज्ञान एवं विज्ञान महाविद्यालय, जबलपुर में बीएससी तृतीय वर्ष (जैव प्रौद्योगिकी) में महाविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवारजनों, रिश्तेदारों और नगरवासियों में खुशी का माहौल है।
मान्या अवधिया स्वर्गीय रवि अवधिया की सुपुत्री तथा संजीव अवधिया के छोटे भ्राता की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी नियमित मेहनत, अनुशासन, लगन और पढ़ाई के प्रति समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता इस बात का उदाहरण है कि लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास और दृढ़ इच्छाशक्ति से उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
मान्या की इस गौरवपूर्ण सफलता पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं शुभचिंतकों द्वारा बधाई और शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी है। सभी ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मान्या अवधिया की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण केवलारी नगर के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।