बिना डायवर्जन और विकास अनुमति के बेचे जा रहे थे भूखंड, दो रजिस्ट्रियों का भी हुआ खुलासा
Chhindwara, 27 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- शहर और नगर निगम सीमा क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में निगम आयुक्त सी.पी. राय के निर्देश पर मौजा पोआमा में कृषि भूमि पर विकसित की जा रही एक कॉलोनी को अनाधिकृत घोषित कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि पर बिना डायवर्जन और कॉलोनी विकास की अनुमति प्राप्त किए छोटे-छोटे भूखंड बनाकर उनका विक्रय किया जा रहा था। इतना ही नहीं, दो भूखंडों की रजिस्ट्री होने की जानकारी भी सामने आई है।
नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चंदनगांव निवासी राजकुमार बरपेटे पिता घुडनलाल बरपेटे द्वारा नगर निगम सीमा क्षेत्र के मौजा पोआमा स्थित खसरा नंबर 119/2/1 की 0.4050 हेक्टेयर भूमि पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। निगम की जांच में पाया गया कि भूमि का व्यपवर्तन (डायवर्जन) और कॉलोनी विकास की सक्षम अनुमति प्राप्त किए बिना ही इसे छोटे-छोटे भूखंडों में विभाजित कर विक्रय किया जा रहा था।
मौके पर मिली सड़क, गेट और बाउंड्रीवॉल
नगर निगम के उपयंत्री के जांच प्रतिवेदन में सामने आया कि संबंधित भूमि पर गेट और बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया गया है। साथ ही क्रेशर डस्ट बिछाकर सड़क भी बनाई गई थी। भूखंडों की बिक्री के लिए विज्ञापनों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किए जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई। वरिष्ठ पंजीयक से प्राप्त पत्र के अनुसार, इस भूमि के दो भूखंडों की रजिस्ट्री भी कराई जा चुकी है।
नियमानुसार किसी भी कॉलोनी में भूखंडों का विक्रय करने से पहले रेरा में पंजीयन, भूमि का व्यपवर्तन, कॉलोनाइजर लाइसेंस और कॉलोनी विकास की सक्षम अनुमति प्राप्त करना आवश्यक है। निगम प्रशासन के अनुसार, संबंधित भूमि स्वामी द्वारा आवश्यक वैधानिक अनुमतियां प्राप्त नहीं की गई थीं। यह मामला मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास नियम) 2021 के प्रावधानों के उल्लंघन का पाया गया।
भूमि कृषि उपयोग की, जवाब भी नहीं आया काम
निगम प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी अंतिम सूचना पत्र के जवाब में राजकुमार बरपेटे ने नियमानुसार कॉलोनी विकसित करने का दावा किया था। हालांकि, निगम की जांच में संबंधित खसरे की भूमि कृषि भूमि पाई गई। साथ ही कॉलोनी विकास और आवासीय उपयोग से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद निगम आयुक्त ने संबंधित का जवाब अमान्य करते हुए कॉलोनी को अनाधिकृत घोषित करने के आदेश जारी कर दिए।
नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर और आसपास के क्षेत्रों में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। अब इस कार्रवाई के बाद अन्य अवैध कॉलोनियों पर निगम प्रशासन का अगला कदम क्या होगा, इस पर भी लोगों की नजर रहेगी।