गोंदिया में पंवार प्रगतिशील मंच के अभिनंदन समारोह में हुए शामिल, युवाओं से रोजगार सृजनकर्ता बनने का किया आह्वान
Seoni, 27 November 2026
सिवनी / गोंदिया यशो:- उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने बुधवार को महाराष्ट्र के गोंदिया में पंवार प्रगतिशील मंच द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने समाज के लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए शिक्षा, सामाजिक एकता, सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा, संगठन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता से सुनिश्चित होती है।

राज्यपाल डॉ. बिसेन ने कहा कि गोंदिया में पंवार समाज की संगठित यात्रा वर्ष 1900 से निरंतर आगे बढ़ रही है। समाज को शिक्षित, संगठित और प्रगतिशील बनाने में पूर्वजों का योगदान प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने वर्ष 1976 में स्थापित श्री प्रगतिशील शिक्षण संस्था तथा वर्ष 1991 में गठित पंवार प्रगतिशील मंच की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाएं समाज के विकास और नई पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
आर्थिक अभाव में कोई प्रतिभा शिक्षा से वंचित न रहे
राज्यपाल ने शिक्षा को सामाजिक उन्नति का सबसे सशक्त आधार बताते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। बेटियों को शिक्षा के समान अवसर देने के साथ युवाओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, विज्ञान और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना होगा। उन्होंने कहा कि युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बनें।

सामाजिक समरसता की पहल सराहनीय
डॉ. बिसेन ने पंवार प्रगतिशील मंच द्वारा सांस्कृतिक भवन एवं छात्रावास निर्माण, चिकित्सा शिविर, सामूहिक विवाह और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा सभी समुदायों को साथ लेकर चलना और चिकित्सा शिविरों का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचाना सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
किसानों की समृद्धि से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
किसानों के कल्याण पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसान पूरे राष्ट्र की अन्न सुरक्षा का आधार हैं। आधुनिक कृषि पद्धतियों, जैविक खेती, दुग्ध उत्पादन और बेहतर बाजार व्यवस्था को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
2047 के विकसित भारत में हर समाज की भागीदारी जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। शिक्षा, सेवा, आत्मनिर्भरता, नवाचार और सामाजिक समरसता को विकास का आधार बनाना होगा। उन्होंने कहा कि भारत की क्षेत्रीय और सांस्कृतिक विविधताएं हमारी शक्ति हैं, लेकिन हमारी सर्वोपरि पहचान भारतीयता और राष्ट्र के प्रति समर्पण है।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने युवाओं और समाज के लोगों से अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने, जरूरतमंदों की सहायता करने, किसानों का सम्मान करने तथा सभी समुदायों को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।