कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने एकता आजीविका स्व-सहायता समूह की गतिविधियों का किया निरीक्षण, महिलाओं से जानी आय और रोजगार की स्थिति
Seoni, 27 November 2026
सिवनी यशो:- हुनर, मेहनत और सामूहिक प्रयास के दम पर महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही हैं। मशरूम उत्पादन और अगरबत्ती निर्माण जैसी गतिविधियों से महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। शुक्रवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने वन विद्यालय लखनादौन पहुंचकर एकता आजीविका स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित इन गतिविधियों का अवलोकन किया और उनसे सीधे संवाद कर उनके अनुभव जाने।
कलेक्टर ने मशरूम उत्पादन स्थल का निरीक्षण करते हुए उत्पादन प्रक्रिया, आवश्यक सामग्री, उत्पादन क्षमता, तैयार मशरूम और उसके विक्रय के संबंध में जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने बताया कि वे सामूहिक रूप से मशरूम उत्पादन का कार्य कर रही हैं। कलेक्टर ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए इस गतिविधि को अधिक व्यवस्थित और व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
समूह से जुड़कर कितनी बदली महिलाओं की जिंदगी, कलेक्टर ने जाना
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने महिलाओं से पूछा कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में किस प्रकार के बदलाव आए हैं और इन गतिविधियों से उनकी आय में कितनी वृद्धि हो रही है। महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए समूह के माध्यम से मिल रहे रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
कलेक्टर ने कहा कि सामूहिक प्रयास, बेहतर गुणवत्ता और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने से आजीविका गतिविधियों को और आगे बढ़ाया जा सकता है। महिलाओं को अपने उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
अगरबत्ती निर्माण में गुणवत्ता और पैकेजिंग पर जोर
इसके बाद कलेक्टर ने समूह द्वारा किए जा रहे अगरबत्ती निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री, उत्पादन प्रक्रिया, तैयार उत्पाद, पैकेजिंग और विक्रय के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर विपणन व्यवस्था से बाजार में उसकी पहुंच बढ़ाई जा सकती है।
कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं अपनी क्षमता और कौशल का उपयोग कर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समूह की महिलाओं के लिए आवश्यक प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मशरूम उत्पादन एवं अगरबत्ती निर्माण जैसी गतिविधियों का विस्तार हो सके और अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।