मुखबिर की सूचना पर घंसौर पुलिस की घेराबंदी, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त
सिवनी यशो :- जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घंसौर पुलिस ने 1 किलो 206 ग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा बरामद करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त गांजे की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को घंसौर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि आदित्य उर्फ अज्जू उर्फ अजय यादव मोटरसाइकिल क्रमांक MP 22 MP 5429 से गांजा लेकर बिक्री के लिए घंसौर-मंडला तिराहा, समनापुर रोड की ओर आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान आदित्य उर्फ अज्जू उर्फ अजय पिता स्व. जमना प्रसाद यादव (32 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती घंसौर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1 किलो 206 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह किसी अज्ञात व्यक्ति से गांजा खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाता था और बेचता था। गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया गया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एल.एस. झारिया, उपनिरीक्षक रूकसार बानो, आरक्षक गोपाल यादव, भवन मरावी, शैलेन्द्र गुर्दे, लक्ष्मण उईके एवं विनीत साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा के निर्देशन तथा एसडीओपी घंसौर श्रीमती रीना पांडे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।