डीआरएम ने किया इतवारी-छिंदवाड़ा-सिवनी रेल खंड का निरीक्षण
यात्री सुविधाओं, ट्रैक व संरचनाओं की स्थिति का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
Chhindwara 27 June 2025
छिंदवाड़ा यशो : – रेल संचालन की सुरक्षा, संरक्षा और यात्री सुविधाओं के निरंतर विकास को लेकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री दीपक कुमार गुप्ता ने 27 जून को इतवारी-छिंदवाड़ा-सिवनी रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत सुबह 7:30 बजे नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी स्टेशन से एक विशेष निरीक्षण यान (स्पीक) द्वारा की गई। इस दौरान डीआरएम ने खापरीखेड़ा, सौसर, सावनेर, लिंगा सहित कई स्टेशनों का ट्रैक, संरचनाओं एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित निरीक्षण किया।
छिंदवाड़ा व सिवनी स्टेशनों पर अमृत भारत योजना की प्रगति का आकलन
श्री गुप्ता ने छिंदवाड़ा और सिवनी स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हो रहे विकास कार्यों की प्रगति देखी और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, ट्रैक की गुणवत्ता, संरचनाओं की मजबूती और स्टेशन परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया।
रनिंग स्टाफ की सुविधाओं का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने छिंदवाड़ा में रेलवे अस्पताल, लॉबी एवं रनिंग रूम का गहन निरीक्षण करते हुए रनिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्टाफ की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने और कार्य स्थितियों को और बेहतर करने की आवश्यकता जताई।
हरित वातावरण के लिए वृक्षारोपण, आपदा प्रबंधन पर भी फोकस
पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसरों में वृक्षारोपण किया गया। साथ ही, डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के दौरान संवेदनशील स्थलों की पहचान कर संभावित बाधाओं को पहले ही दूर किया जाए और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण में वरिष्ठ अधिकारीगण रहे मौजूद
इस निरीक्षण अभियान में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग, ऑपरेशन, विद्युत, सिग्नल व स्टाफ वेलफेयर से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि डीआरएम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने हर स्थल पर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा कर सुधार की दिशा में कार्यवाही प्रारंभ की।


