बालाघाटमध्यप्रदेश

फोरलेन मिला, अब रिंग रोड की मांग; बालाघाट के विकास को नई उड़ान

नगरपालिका परिषद की सामान्य सभा में 14 प्रस्तावों पर मुहर, स्वच्छता, जलभराव, बाजार और सड़क विकास पर भी बनी कार्ययोजना

बालाघाट रिंग रोड – फोरलेन के बाद रिंग रोड की तैयारी, नपा बैठक में 14 प्रस्तावों पर फैसला

balaghat 28 August 2026
बालाघाट यशो:- नगर विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बालाघाट की सामान्य सभा की बैठक 27 अगस्त को नपा सभागार में आयोजित हुई। बैठक में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जलभराव, जल प्रदाय, बाजारों के व्यवस्थित विकास, सड़क एवं यातायात व्यवस्था सहित नगर के भविष्य से जुड़े कुल 14 प्रस्तावों एवं पूरक प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। चर्चा और सुझावों के बाद परिषद ने विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की।

बालाघाट नगरपालिका बैठक में फोरलेन और रिंग रोड पर चर्चा
बालाघाट नगरपालिका की सामान्य सभा में नगर विकास, फोरलेन और रिंग रोड को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा।

बैठक में जहां शहर की मौजूदा समस्याओं के समाधान को लेकर मंथन हुआ, वहीं बालाघाट-सिवनी फोरलेन की स्वीकृति और जिले के नक्सल प्रभाव से मुक्त होने को विकास की बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं सांसद श्रीमती भारती पारधी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसी कड़ी में अब बालाघाट शहर के लिए रिंग रोड की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया है।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर 3.92 करोड़ की निविदा को मंजूरी

बैठक में भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप ठोस अपशिष्ट प्रबंधन 2026 के तहत नगर के ठोस कचरे के संग्रहण, परिवहन तथा मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर पर सॉलिड वेस्ट की प्रोसेसिंग का कार्य निविदा के माध्यम से कराए जाने का प्रस्ताव रखा गया।

इस कार्य की निविदा लागत 3 करोड़ 92 लाख 25 हजार 432 रुपये, जीएसटी सहित बताई गई। द्वितीय निविदा में तीन निविदाकारों ने भाग लिया, जिनमें दो पात्र पाए गए। नियमानुसार पात्र एकल निविदा खोली गई। इस पर कुछ परिषद सदस्यों ने आपत्तियां और सुझाव भी रखे, लेकिन चर्चा के बाद परिषद ने प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी।

परिषद सदस्यों का कहना रहा कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता से सीधे जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने की आवश्यकता है।

बालाघाट नगरपालिका बैठक में फोरलेन और रिंग रोड पर चर्चा
बालाघाट नगरपालिका की सामान्य सभा में नगर विकास, फोरलेन और रिंग रोड को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा।

शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों और छत की नीलामी पर चर्चा

नगरपालिका द्वारा निर्मित एवं निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों के आवंटन को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। म्युनिसिपल स्कूल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों के लिए आमंत्रित निविदा में प्राप्त एकल निविदा का विषय सामने आया।

इसके अलावा गुजरी बाजार स्थित तरंग सब्जी मार्केट कॉम्प्लेक्स एवं अन्य दुकानों की छत की नीलामी का प्रस्ताव भी रखा गया। गुजरी बाजार को व्यवस्थित करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर पार्षदों ने अपने सुझाव दिए।

गीता भवन की डीपीआर पर भी मंथन

नगरपालिका द्वारा गीता भवन निर्माण के लिए तैयार की जा रही डीपीआर तथा प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव भी परिषद के समक्ष रखा गया। इस पर सदस्यों ने आवश्यक सुझाव दिए और प्रस्ताव पर चर्चा की।

वहीं नगरपालिका प्रबंधन की भूमि पर विद्यालय परिसरों के उपयोग के विषय पर भी विचार-विमर्श हुआ। सदस्यों ने सुझाव दिया कि शासन की भूमि को नगरपालिका के अधीन किए जाने की प्रक्रिया की जानी चाहिए। खाली हुए स्कूल भवनों का शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक उपयोग किए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

काली पुतली चौक के विस्थापित दुकानदारों को 15 दिन की मोहलत

काली पुतली चौक चौपाटी की दुकानों की पूर्ण राशि जमा नहीं होने के कारण आवंटन निरस्त करने का विषय बैठक में महत्वपूर्ण रहा। अधिकांश परिषद सदस्य आवंटन निरस्त कर नए सिरे से निविदा बुलाने के पक्ष में थे।

इसी दौरान मनोनीत पार्षद यासीन खान ने विस्थापित दुकानदारों का पक्ष रखते हुए कहा कि चौपाटी की अधिकांश दुकानें विस्थापित दुकानदारों को आवंटित हैं। इनमें कई दुकानदार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से हैं और उन्होंने अपनी दुकानों को व्यवस्थित करने में मेहनत के साथ राशि भी खर्च की है। ऐसे में उन्हें तत्काल हटाना उचित नहीं होगा।

उन्होंने दुकानदारों को बकाया राशि जमा करने के लिए अतिरिक्त समय देने का सुझाव दिया। चर्चा के बाद परिषद ने विस्थापित दुकानदारों को 15 दिन की मोहलत देने तथा निविदा के आधार पर आवंटित दुकानों से शत-प्रतिशत राशि वसूल किए जाने पर सहमति दी।

वहीं हनुमान मंदिर के पीछे नवनिर्मित कॉम्प्लेक्स की बेसमेंट स्थित दुकानों की पूर्ण राशि जमा किए जाने के मामले में भी स्वीकृति प्रदान की गई।

मर्वी टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों को राहत की मांग

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष एवं परिषद सदस्यों ने मर्वी टोल प्लाजा का विषय पूरक प्रस्ताव के रूप में रखा। परिषद का कहना है कि बालाघाट नगर से आवागमन करने वाले स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों को फोरलेन पर बहुत कम दूरी तय करनी पड़ती है।

ऐसे में स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों से टोल वसूली नहीं किए जाने की मांग शासन एवं संबंधित विभाग के समक्ष प्रभावी तरीके से रखी जाएगी। परिषद ने नागरिक हित में इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की।

फोरलेन और नक्सलमुक्ति को बताया बड़ी उपलब्धि

बालाघाट-सिवनी मार्ग को फोरलेन किए जाने की घोषणा एवं वित्तीय स्वीकृति तथा लंबे समय से नक्सल प्रभावित रहे बालाघाट जिले को नक्सल प्रभाव से मुक्त किए जाने पर नगर पालिका परिषद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

परिषद ने कहा कि इन दोनों उपलब्धियों से बालाघाट के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। फोरलेन बनने से आवागमन सुगम होगा और जिले में उद्योग, व्यापार, निवेश, पर्यटन एवं रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। वहीं नक्सल प्रभाव से मुक्ति के बाद जिले में सुरक्षा और शांति का वातावरण और मजबूत होने की उम्मीद जताई गई।

फोरलेन की स्वीकृति के लिए जिले की सांसद श्रीमती भारती पारधी के प्रयासों के लिए भी परिषद की ओर से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 29 अगस्त को बालाघाट आगमन के दौरान नगर पालिका परिषद की ओर से इन दोनों उपलब्धियों के लिए उनका धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किए जाने की बात भी बैठक में कही गई।

अब बालाघाट के लिए रिंग रोड की तैयारी

फोरलेन की स्वीकृति के बाद अब परिषद ने बालाघाट शहर के लिए रिंग रोड की मांग उठाने की तैयारी कर ली है। नगर पालिका अध्यक्ष एवं परिषद सदस्यों की ओर से रखे गए पूरक प्रस्ताव में कहा गया कि जिस तरह सिवनी शहर के लिए रिंग रोड को फोरलेन परियोजना के साथ जोड़ा गया है, उसी तरह बालाघाट शहर को भी रिंग रोड की सौगात मिलनी चाहिए।

परिषद की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी जाएगी कि सिवनी रोड को नैनपुर रोड, नैनपुर रोड को बैहर रोड तथा बैहर रोड को गोंदिया रोड से इंटरकनेक्ट करते हुए बालाघाट शहर के लिए पूर्ण रिंग रोड विकसित किया जाए।

परिषद सदस्यों का कहना है कि रिंग रोड बनने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात व्यवस्था सुगम होगी और बालाघाट के सुनियोजित विस्तार एवं विकास को नई गति मिलेगी।

अर्बन चैलेंज फंड से बड़े विकास कार्यों की तैयारी

नगर विकास से जुड़े पूरक प्रस्तावों में अर्बन चैलेंज फंड एवं द्वारका नगरी योजना को भी शामिल किया गया। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से मिलने वाले अर्बन चैलेंज फंड के माध्यम से नगर में बड़े एवं गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी पार्षदों से सुझाव लिए गए।

परिषद ने सभी सदस्यों के सुझावों के आधार पर समग्र कार्ययोजना तैयार कर राज्य शासन को भेजे जाने पर सहमति जताई।

इस कार्ययोजना में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, जल प्रदाय व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, सड़क निर्माण, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में रहेगा। द्वारका नगरी योजना के अंतर्गत भी नगर की आवश्यकता और प्राथमिकता के अनुरूप विकास कार्यों को शामिल किया जाएगा।

हनुमान चौक के जलभराव से राहत पर जताई खुशी

बैठक में शहर के प्रमुख क्षेत्र हनुमान चौक में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में किए गए प्रयासों पर परिषद सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सदस्यों ने नपा अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर खुशी जताई।

नपाध्यक्ष ने इस कार्य में सहयोग के लिए सभी परिषद सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

सामूहिक प्रयास से बनेगा स्वच्छ और व्यवस्थित बालाघाट

बैठक के समापन पर परिषद की ओर से कहा गया कि नगर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर पार्षदों के सुझाव और सामूहिक विमर्श को प्राथमिकता देते हुए आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविधायुक्त बालाघाट के निर्माण के लिए परिषद सभी सदस्यों के सहयोग से लगातार कार्य करने की बात कही गई।

कुल मिलाकर नगरपालिका की यह बैठक केवल प्रस्तावों की औपचारिक मंजूरी तक सीमित नहीं रही, बल्कि फोरलेन के बाद रिंग रोड, स्वच्छता, जलभराव, बाजार व्यवस्था और शहरी सुविधाओं को लेकर बालाघाट के अगले चरण के विकास की तस्वीर भी सामने आई।

यह भी पढ़े :-

सांदीपनि विद्यालय हर्रई में लगा जनविश्वास अभियान शिविर, ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं

राखियों से सजे बाजार, खरीदारी को उमड़ी भीड़; रक्षाबंधन पर महंगाई और मिलावट की दोहरी मार

महंगाई के खिलाफ छपारा में कांग्रेस का सांकेतिक प्रदर्शन, सरकार पर साधा निशाना

चीनी के दाम में 18% तक गिरावट! फिर भी दुकानों पर क्यों नहीं सस्ती हुई चीनी? जानिए वजह

भुजलिया: प्रकृति की पूजा से लेकर वीरता के विजयगान तक

https://peoplesupdate.com/indore-eastern-bypass-9200-crore-project-ring-road-connectivity-bhopal-indore-expressway-atl-progressway-221417

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button