“जमाते इस्लामी हिंद ने शुरू किया ‘पड़ोसियों का अधिकार’ अभियान - प्रेम, सद्भाव और सामाजिक भाईचारे की मिसाल”
21 से 30 नवंबर तक सिवनी सहित देशभर में चालू रहेगा अभियान - मोहल्ला समितियाँ, नैतिक संवाद और सामुदायिक समरसता पर फोकस
Seoni 25 November 2025
सिवनी यशो:- जमाते इस्लामी हिंद द्वारा 21 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक ‘पड़ोसियों का अधिकार’ शीर्षक से राष्ट्रीय स्तर पर एक विशेष जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पड़ोसी संबंधों को मजबूत बनाते हुए समाज में प्रेम, सहयोग, सहानुभूति और सद्भाव की भावना को पुनर्जीवित करना है।
संगठन का मानना है कि पड़ोसी सिर्फ व्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक जीवन की वह आधारशिला हैं, जिसके सहारे आपसी सम्मान, सहयोग, सुरक्षा और भाईचारे की एक मजबूत दीवार खड़ी की जा सकती है। यदि पड़ोसी एक-दूसरे के बीच संवेदनशील संवाद और मानवीय संबंध स्थापित हो जाएं, तो परिवार सुखी होगा, मोहल्ला सुरक्षित होगा, समाज समरस होगा और देश मजबूत होगा।
इस अभियान के तहत सिवनी शहर में मोहल्ला समितियों का गठन,
वैचारिक गोष्ठियाँ,
सामुदायिक मिलन समारोह तथा
नैतिक मूल्यों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में आपसी सहयोग,
रिश्तों का महत्व,
जरूरत के समय मदद और
सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
“अगर हम अच्छे होंगे, तो पड़ोस अच्छा होगा; पड़ोस अच्छा होगा, तो समाज अच्छा होगा, और जब समाज अच्छा होगा, तो देश शानदार होगा।”
जमाते इस्लामी हिंद ने नगरवासियों से अपील की है कि-
वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करके प्रेम,
सद्भाव और मानवीय रिश्तों पर आधारित परिवेश निर्माण में सहयोग दें।



