सामाजिक अपेक्षाओं के बीच अपनी इच्छाओं, सपनों और फैसलों के साथ जीने का सवाल
निकेश पदमाकर
लेखक एवं स्वतंत्र विचारक | समाज और मानवीय व्यवहार पर लेखन
“लोग क्या कहेंगे?” यह एक ऐसा सवाल है, जो अक्सर व्यक्ति के निर्णयों, इच्छाओं और जीवन की दिशा को प्रभावित करता है। लेकिन कभी हमने यह समझने की कोशिश की है कि आखिर ये लोग हैं कौन?
ये वे लोग हैं, जो वर्षों से चली आ रही परंपराओं और सामाजिक मान्यताओं के अनुसार अपना जीवन जीते हैं। इसमें कुछ गलत नहीं है। समस्या तब शुरू होती है, जब वे अपने तरीके को ही सही मानकर दूसरों से भी वैसा ही जीवन जीने की अपेक्षा करने लगते हैं।
हमारे आसपास अक्सर ऐसे सवाल सुनाई देते हैं—आगे क्या करने का सोचा है? सरकारी नौकरी क्यों नहीं की? अभी तक शादी क्यों नहीं की? अपना मकान कब बनाओगे? बच्चों को उस स्कूल या कॉलेज में क्यों नहीं भेजा? और उम्र के इस पड़ाव पर अब नया काम शुरू करने की क्या जरूरत है?
सवाल पूछने वाले के लिए ये सामान्य बातचीत का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन सामने वाले के लिए कभी-कभी यही सवाल मानसिक दबाव का कारण बन जाते हैं।
एक किशोर अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनना चाहता है, खेल, संगीत या कला में आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन उसे बार-बार दूसरों की अपेक्षाओं के अनुसार चलने को कहा जाता है। एक युवा अपने पसंदीदा क्षेत्र में करियर बनाने के लिए संघर्ष कर रहा होता है, तो उसे उसकी रुचि और क्षमता समझे बिना किसी दूसरे रास्ते पर चलने की सलाह दी जाती है। किसी से शादी की तारीख पूछी जाती है और विवाह के बाद संतान को लेकर सवाल शुरू हो जाते हैं।
यह दबाव केवल युवाओं तक सीमित नहीं है। जीवन के उत्तरार्ध में कोई व्यक्ति नया काम शुरू करना चाहे, कोई शौक अपनाना चाहे या अपनी जीवनशैली में बदलाव करना चाहे, तो उसे उम्र का हवाला देकर रोकने की कोशिश की जाती है। जबकि इच्छाएं, संभावनाएं और जीवन को बेहतर बनाने की चाह किसी एक उम्र तक सीमित नहीं होती।
बच्चों के भविष्य को लेकर भी समाज की अपेक्षाएं कई बार उनकी अपनी रुचियों पर भारी पड़ जाती हैं। माता-पिता को सलाह दी जाती है कि बच्चे को डॉक्टर, IAS या IPS अधिकारी ही बनाना चाहिए। लेकिन क्या बच्चा कलाकार, संगीतकार, उद्यमी या खिलाड़ी नहीं बन सकता?
सचिन तेंदुलकर, मैरी कॉम, ए.आर. रहमान और धीरूभाई अंबानी ने अपने-अपने क्षेत्रों में अलग पहचान बनाई। हर अलग रास्ता असाधारण सफलता की गारंटी नहीं देता, लेकिन अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी से जीवन जीना भी अपने आप में महत्वपूर्ण है।
बच्चे को रास्ता दिखाना जरूरी है, लेकिन उसकी मंजिल पहले से तय कर देना नहीं।
आखिर किसी व्यक्ति का अलग रास्ता दूसरों को खटकता क्यों है? शायद इसलिए कि जिस रास्ते पर अधिकांश लोग चल रहे हों, वह सुरक्षित और स्वीकार्य लगता है। लेकिन कोई उससे अलग निर्णय लेता है, तो हमारी स्थापित धारणाओं पर सवाल खड़े होने लगते हैं।
इस सोच का असर आर्थिक जीवन पर भी दिखाई देता है। कई बार व्यक्ति अपनी वास्तविक क्षमता से अधिक कर्ज लेकर मकान, कार या दूसरी महंगी वस्तुएं खरीदता है, ताकि समाज की नजरों में उसकी प्रगति दिखाई दे। दूसरों को सफल दिखाने की कोशिश में वह अपने ही भविष्य पर आर्थिक बोझ डाल लेता है।
लेकिन इस पूरे विषय का एक और पहलू है, जिस पर विचार करना जरूरी है। कभी हम स्वयं भी उन्हीं लोगों में शामिल हो जाते हैं, जिनकी सोच और व्यवहार से हमें शिकायत होती है। जिस दबाव का सामना हमने अपने जीवन में किया, वही अपेक्षाएं हम कभी अपने बच्चों या अपने से बड़ी उम्र के लोगों पर थोपने लगते हैं। हम भी उनके निर्णयों को अपनी सोच और अनुभवों के आधार पर परखने लगते हैं।
यह भी समझना जरूरी है कि हर सवाल या सलाह के पीछे गलत मंशा नहीं होती। कई बार लोग चिंता और अपने अनुभव के आधार पर भी सलाह देते हैं। लेकिन सलाह देना और अपनी सोच दूसरों पर थोपना, दोनों अलग बातें हैं। किसी को सही दिशा दिखाना उचित है, लेकिन उसके जीवन का निर्णय अपने हाथ में लेना नहीं।
इसलिए किसी के जीवन पर सवाल उठाने से पहले उसकी परिस्थितियों, इच्छाओं और सीमाओं को समझना चाहिए। वहीं, यदि हम स्वयं कोई अलग रास्ता चुन रहे हैं, तो अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ना चाहिए। दूसरों की सलाह सुनें, अनुभवों से सीखें, लेकिन केवल सामाजिक स्वीकृति पाने के लिए अपनी रुचियों और सपनों से समझौता न करें।
आखिरकार, समाज की अपेक्षाओं के अनुसार पूरा जीवन जी लेने पर भी समाज हमें कोई पुरस्कार नहीं देता। इसलिए जरूरी है कि हम अपने निर्णय विवेक, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास के साथ लें।
किसी दूसरे के जीवन पर सवाल उठाने से पहले स्वयं से पूछें—
कहीं हम भी तो वही नहीं कर रहे, जिससे हमें कभी शिकायत थी?
और कोई निर्णय लेते समय यह जरूर सोचें—
मैं यह अपनी इच्छा और समझ से कर रहा हूं या सिर्फ इसलिए कि “लोग क्या कहेंगे?”