सांसद ने नई ट्रेन चलाने एवं रेल सुविधाओं के विस्तार के रखे प्रस्ताव
नागपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बैठक में शामिल हुए सांसद
Chhindwara 30 May 2025
छिंदवाड़ा यशो:- अपने संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा पांढुरना में रेल सुविधाओं के विस्तार और रेल यात्रियों को बेहतर सहूलियत उपलब्ध कराने सांसद बंटी विवेक साहू सतत् प्रयास कर रहे हैं। उन्हीं के प्रयासों का नतीजा है कि रेल सुविधाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। इसी क्रम में नागपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बैठक में सांसद ने वरिष्ठ रेल अधिकारियों के समक्ष छिंदवाड़ा पांढुरना की रेलवे से संबंधित विषयों को रखकर सुविधाओं को उपलब्ध कराने की मांग की।
शुक्रवार को हुई इस बैठक में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के क्षेत्र में आने वाले जिलों के सांसद शामिल हुए। इस बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले के रेलवे स्टेशनों में सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही नई ट्रेनें शुरू करने के प्रस्ताव रखे।
बैठक में नागपुर मंडल के रेल महाप्रबंधक सहित रेलवे के उच्च अधिकारी शामिल हुए। बैठक में सांसद श्री साहू ने छिंदवाड़ा चारफाटक में अंडरब्रिज बनाने के साथ ही नरसिंहपुर रोड के लिए नये ब्रिज का निर्माण कर पुराने ब्रिज में जोडऩे का प्रस्ताव रखते हुए ब्रिज के दोनों ओर सिग्नल लगाने की मांग भी की। उन्होंने छिंदवाड़ा को मुंबई से जोडऩे के लिए सेवाग्राम एक्सप्रेस ट्रेन को छिंदवाड़ा तक बढ़ाने के प्रस्ताव के साथ ही छिंदवाड़ा से नागपुर तक रेल लाईन के दोहरीकरण की मांग की।
क्षेत्र के समुचित विकास के लिए प्रयासरत सांसद श्री विवेक साहू ने छिंदवाड़ा से नैनपुर और नागपुर के लिए मेमू ट्रेन चलाने, छिंदवाड़ा से भोपाल तक इंटरसिटी ट्रेन चलाने, पेंचेवली ट्रेन में थर्ड एसी का कोच बढ़ाने, लोधीखेड़ा में रैक पांईट बढ़ाने, छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन में महिलाओं के लिए अलग से प्रतीक्षालय की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही यहां पर जन औषधि केन्द्र शुरू करने की भी बात रखी।
सांसद ने पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन को फिरोजपुर की बजाए अमृतसर व लुधियाना तक बढ़ाने के साथ ही छिंदवाड़ा से सागर नई रेल लाईन का सर्वे शीघ्र करने, पातालकोट ट्रेन का सोनागिरी में स्टापेज देने, नागपुर शहडोल ट्रेन का चौरई में स्टापेज देने के साथ ही नागपुर से जबलपुर चलने वाली ट्रेनों को छिंदवाड़ा होते हुए डायवर्टेड करने की मांग रखी।
सांसद श्री साहू ने छिंदवाड़ा स्टेशन में पिट लाईन का निर्माण की मांग रखते हुए कहा कि शहडोल और रीवा ट्रेनों की सेफ्टी की जांच एवं साफ-सफाई करने की व्यवस्था छिंदवाड़ा में की जाये। क्षेत्रीय सांसदों की इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा रखे गए प्रस्तावों और सुझावों पर रेलवे के वरिष्ट अधिकारियों ने शीघ्र अतिशीघ्र परियोजनाओं को पूरा करने और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बैठक में प्रमुख रूप से रेलवे के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं रेलवे के इस क्षेत्र से संबंधित सांसद उपस्थित थे ।



