धर्ममध्यप्रदेशसिवनी
अग्रवाल समाज के लोगों ने किया रक्तदान, लगाया शिविर
अग्रसेन जयंती समारोह के कार्यक्रम प्रारंभ
सिवनी यशो:- लूघरवाड़ा अग्रसेन भवन में अग्रकुल प्रर्वतक श्री 1008 महाराजा अग्रसेन के 5178वां जन्मोत्सव समारोह से जुड़े कार्यक्रमों के तहत शनिवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। इसमें सामाजिकजनों ने बढ़चढ़कर 46 यूनिट रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ के पूर्व महाराज अग्रसेन व माता महालक्ष्मी का पूजन किया गया। महिला-पुरूषों के साथ समाज युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर अपनी सहभागिता निभाई। शिविर में एकत्रित ब्लड का उपयोग जिला अस्पताल प्रबंधन द्वारा बीमार व जरूरतमंद व्यक्तियों के उपचार किया जाएगा। इस दौरान अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष, महासचिव के अलावा सभी पदाधिकारी, सदस्य तथा सामाजिकजन उपस्थित रहे। पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं में भी उत्साह रहा। रक्तदान के इस पुनीत कार्य में अग्रवाल समाज की महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में शिविर प्रभारी श्री प्रवेश बाबू भालोटिया व सभी सदस्यों का सहयोग रहा।
रक्तदाताओं को दिए प्रमाण पत्र
रक्तदाताओं को जिला अस्पताल की ब्लड शाखा की ओर से प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में जिला अस्पताल के डाक्टर नरेन्द्र नाथ नामदेव, ब्लड बैंक प्रभारी वीके भट्ट, एसके डेहरिया, अनिल साहू, राजेन्द्र जगे।, राहुल यादव, मक्सूद खान, चक्रेश पाल जंघेला इत्यादि का सहयोग रहा। ब्लड बैंक प्रभारी वीके भट्ट ने बताया कि सभी को रक्तदान करना चाहिए। इससे जरूरतमंद किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। प्रत्येक रक्तदाता से लिए गए रक्त की सभी तरह की जांच कराई जाती है। इसमें किसी भी तरह की बीमारी पता चलने पर संबंधित को सूचित किया जाता है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम आज से
पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम 29 सितंबर को सुबह 11 बजे अग्रसेन भवन लूघरवाड़ा में ध्वजारोहरण के साथ अग्रवाल समाज समिति सिवनी द्वारा प्रारंभ किए जाएंगे, जो 3 अक्टूबर तक जारी रहेंगे। 3 अक्टूबर को महाराजश्री अग्रसेन का विधिवत पूजन-हवन व महाआरती होगी। इससे पहले सुबह 10 बजे विशाल वाहन रैली मठ मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गो से होकर लूघरवाड़ा अग्रोहा धाम पहुंचेगी। यहां समारोह में अतिथियों का स्वागत, परिचय, उद्बोधन व पुरस्कार वितरण होगा। शाम 4 बजे से अग्रवाल धर्मशाला दुर्गाचौक से परम्परानुसार महाराजश्री की विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शनिवार को दोपहर 3 बजे से अग्रवाल समाज की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। इसमें उपस्थित सदस्यों ने नियमावली में प्रस्तावित संशोधनों को सर्वसम्मति से चर्चा के बाद पारित किया।




