रेलवे संघर्ष समिति का सवाल – पेंचवेली एक्सप्रेस मंडला फोर्ट में पार्क हो सकती है तो संचालित क्यों नहीं?
रेलवे संघर्ष समिति का सवाल - जब पेंचवेली एक्सप्रेस पार्क हो सकती है तो संचालित क्यों नहीं?
Mandala 17 December 2025
मंडला यशो:- आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला आज भी लंबी दूरी की रेल सुविधाओं से वंचित है। जिले में रेल सुविधा के विस्तार को लेकर वर्षों से संघर्ष कर रही रेलवे संघर्ष समिति ने एक बार फिर मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन शीघ्र शुरू करने की मांग तेज कर दी है। समिति के युवाओं का कहना है कि मंडला जैसे आदिवासी बहुल जिले की लगातार उपेक्षा हो रही है, जबकि आसपास की तहसीलों और जिलों से कई लंबी दूरी की ट्रेनें संचालित हो रही हैं।
पेंचवेली एक्सप्रेस पर उठे सवाल,मंडला में पार्किंग संभव, लेकिन संचालन पर क्यों चुप्पी?
रेलवे संघर्ष समिति के युवाओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब पेंचवेली एक्सप्रेस मंडला फोर्ट स्टेशन में पार्क हो सकती है, उसकी साफ-सफाई और रखरखाव यहां संभव है, तो फिर उसे मंडला फोर्ट से संचालित क्यों नहीं किया जा सकता? हाल ही में रेल मंत्रालय द्वारा पेंचवेली एक्सप्रेस का विस्तार गोंदिया तक किए जाने के निर्णय से मंडला जिले में नाराज़गी है। समिति का कहना है कि गोंदिया की तुलना में मंडला को इस ट्रेन की कहीं अधिक आवश्यकता है, क्योंकि मंडला का व्यापारिक और शैक्षणिक जुड़ाव मुख्य रूप से भोपाल से है।
भोपाल के लिए सीधी ट्रेन की पुरानी मांग,युवाओं ने फिर दोहराया संघर्ष
समिति के अनुसार, मंडला से भोपाल के लिए सीधी ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही है।
पेंचवेली एक्सप्रेस को मंडला फोर्ट तक विस्तार देने की उम्मीद थी,
लेकिन निर्णय उलटा आने से लोगों में रोष है।
युवाओं ने इसे मंडला के साथ अन्याय बताया है।
मंडला–बिलासपुर रेलमार्ग पर जल्द शुरू हो काम,रेल विस्तार से आदिवासी अंचल को मिलेगा बड़ा लाभ
रेलवे संघर्ष समिति ने वर्षों से प्रस्तावित बिलासपुर–पेंड्रा–मंडला रेलमार्ग पर शीघ्र सर्वे और निर्माण कार्य शुरू करने की मांग भी दोहराई है।
समिति का कहना है कि-
मंडला फोर्ट स्टेशन बिलासपुर जोन में आता है और
यदि यहां से जबलपुर व बिलासपुर तक रेल लाइन का विस्तार होता है,
तो मंडला और जबलपुर सीधे हावड़ा–मुंबई रेल मार्ग से जुड़ जाएंगे।
इससे न केवल यात्रा सुगम होगी,
बल्कि डिंडोरी और मंडला जैसे आदिवासी जिलों के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
संघर्ष जारी रखने का ऐलान,आदिवासी जिले के विकास के लिए रेल सुविधा जरूरी
रेलवे संघर्ष समिति के युवाओं ने स्पष्ट किया है कि –
वे मंडला फोर्ट से लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन और रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
उनका कहना है कि-
यह लड़ाई केवल रेल सुविधा की नहीं,
बल्कि आदिवासी बहुल जिले के समग्र विकास और समान अधिकारों की है।
https://www.facebook.com/groups/seoni.parivahan.vikash.sangathan/posts/3567244400082290/


