दीपों की रोशनी से जगमगाया सिवनी, 1478 बूथों पर हुआ ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा-संकल्प अभियान की शुरुआत; मठ मंदिर, दलसागर तालाब सहित प्रमुख स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने प्रज्ज्वलित किए दीप
Seoni 17 September 2026
सिवनी यशो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रारंभ किए गए सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत सिवनी जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के सभी 1478 बूथों सहित धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों, नगरीय वार्डों, सार्वजनिक स्थानों और नागरिकों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन की भी सहभागिता रही।

1478 बूथों पर जलाए गए दीप
भाजपा जिला महामंत्री एवं ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के जिला प्रभारी संतोष अग्रवाल ने बताया कि जिले के सभी 1478 बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर सहभागिता की। जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों से लेकर ग्रामों, नगरीय वार्डों, सार्वजनिक स्थलों, हितग्राहियों एवं नागरिकों के घरों तक दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आमजन की स्वस्फूर्त सहभागिता रही। सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सहभागिता दर्ज कराई।
जिला भाजपा कार्यालय और बाहुबली चौक पर आयोजन
जिला भाजपा कार्यालय में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप राय के नेतृत्व में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की।
अधिवक्ता संघ द्वारा भी अध्यक्ष पंकज जैन के नेतृत्व में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

इसी क्रम में बाहुबली चौक में किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष घनश्याम बघेल के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान भंडारे का आयोजन भी किया गया।
मठ मंदिर में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक
सिवनी के प्रमुख धार्मिक स्थल मठ मंदिर में दक्षिण मंडल अध्यक्ष अभिषेक दुबे के नेतृत्व में मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से अभिषेक कराया गया। कार्यकर्ताओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर मंडल के कार्यकर्ताओं ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता करते हुए सेवा-संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
उत्तर मंडल ने गायत्री मंदिर में जलाए श्रद्धा के दीप
वहीं भाजपा उत्तर मंडल द्वारा गायत्री मंदिर में श्रद्धा के दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में दीप जलाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सहभागिता की। दीप प्रज्ज्वलन के दौरान भारतीय संस्कृति में दीप के महत्व और मंगलकामना की परंपरा के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मठ मंदिर और दलसागर तालाब में दिखी दीपों की विशेष छटा
जिला मुख्यालय में आयोजित मठ मंदिर और दलसागर तालाब के कार्यक्रम जिले के प्रमुख आयोजनों में शामिल रहे। शाम के समय बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति के बीच दोनों प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। मठ मंदिर परिसर और दलसागर तालाब के घाटों पर सजे दीपों की कतारों से पूरा क्षेत्र रोशन दिखाई दिया। तालाब के जल में प्रतिबिंबित दीपों की रोशनी ने कार्यक्रम के दृश्य को विशेष बना दिया।

इन प्रमुख आयोजनों में भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन, सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े, कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक कृष्णलालचंदानी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली शाह सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने सहभागिता की।

मठ मंदिर और दलसागर तालाब पर आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और नागरिकों ने भी परिवार सहित सहभागिता की। धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ लोगों ने मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
दिनेश राय ने कहा—25 वर्षों की जनसेवा ने बदली देश की दशा और दिशा
इस अवसर पर सिवनी विधायक दिनेश राय ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्षों का कार्यकाल देश की दशा और दिशा को बदलने वाला ऐतिहासिक कालखंड रहा है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और विकास को केंद्र में रखकर अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

शंकराचार्य चौक पर 1100 दीपों का प्रज्ज्वलन
शंकराचार्य चौक स्थित गणेश मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन, जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, वरिष्ठ नेता नरेंद्र टांक सहित अन्य कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में ओमकला केंद्र के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा 1100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
कार्यक्रम में भगवान गणेश का पूजन-अर्चन कर मंगलकामना की गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलन में सहभागिता की।
धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी प्रज्ज्वलित हुए दीप
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के अनेक धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इनमें शनि मंदिर सीलादेही, शिव मंदिर दिघोरी, पुरातात्विक काली मंदिर अष्टा, श्रीराम मंदिर बरघाट, बैनगंगा नदी उद्गम क्षेत्र मुंडारा-पातापर, शहीद स्मारक तुरिया, रिछारिया बाबा मंदिर ग्वारी, राधा-कृष्ण मंदिर स्थल खैरमाई परिसर, बंजारी मंदिर सकरी, बैनगंगा घाट छपारा, मोनी दादा आश्रम देवघाट, सागर नदी घाट केवलारी, अडेगांव किला और गोरखपुर रामकुंड घाट सहित अनेक स्थान शामिल रहे।
गांवों, नगरीय वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर भी नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित किए। अनेक परिवारों ने अपने घरों में दीप जलाकर कार्यक्रम में सहभागिता की।
सेवा-संकल्प अभियान में आगे भी होंगे विभिन्न कार्यक्रम
सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में रक्तदान शिविर, ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन मिलन सेवा’ तथा ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन के मार्गदर्शन एवं अभियान के जिला प्रभारी गजानन पंचेश्वर की कार्ययोजना के अनुसार जिलेभर में अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
भाजपा मीडिया विभाग ने बताया कि सेवा-संकल्प अभियान का उद्देश्य विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ना है।
यह भी पढ़े :-
नमो युवा शक्ति में गूंजा आत्मनिर्भरता का संदेश, स्व-सहायता समूह की दीदियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा की अध्यक्षता में दिघोरी में लगेगा जन विश्वास शिविर
पिता से सीखा हुनर, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से मिला नया सहारा
आज से MP में मकान-प्लॉट की फ्री रजिस्ट्री शुरू, 50 लाख ग्रामीणों को मिलेगा मालिकाना हक



