डिजिटल युग में भारतीय संस्कृति से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक विषयों पर विद्यार्थियों ने रखे विचार, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं से सजेगा युवा उत्सव
Seoni, 18 November 2026
सिवनी /बरघाट यशो:- शासकीय महाविद्यालय बरघाट में तीन दिवसीय अंतरकक्षा महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। युवा उत्सव के पहले ही दिन विद्यार्थियों की रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल की शानदार झलक देखने को मिली। शुभारंभ अवसर पर मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन-अर्चन किया गया। साथ ही युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों का स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में गायत्री ठाकरे ने सरस्वती वंदना, महिमा पंचेश्वर ने स्वागत गीत, जितेंद्र ने देशभक्ति गीत तथा सीता मानेश्वर ने स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.एल. इनवाती ने भी गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और युवा उत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त मंच है युवा उत्सव : डॉ. इनवाती
प्राचार्य डॉ. बी.एल. इनवाती ने अपने संबोधन में कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है। इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होने के साथ सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को भी बढ़ावा मिलता है।
युवा उत्सव प्रभारी प्रो. पंकज गहरवार ने कहा कि युवा उत्सव केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया।
डिजिटल युग में भारतीय संस्कृति और एआई के प्रभाव पर हुई विचारों की रोचक प्रस्तुति
युवा उत्सव के प्रथम दिवस साहित्यिक गतिविधियों के अंतर्गत भाषण, वाद-विवाद एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में शंकर हरदे, सोमाइला खान, कशिश लुधियाना एवं पूर्वी चौहान ने 'डिजिटल युग में भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों की प्रासंगिकता' विषय पर अपने प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए।
वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय 'कृत्रिम बुद्धिमत्ता : मानवीय मेधा एवं रोजगार के लिए वरदान अथवा अभिशाप' रखा गया। इस विषय पर पक्ष की ओर से कंचना धुर्वे, अयन तिवारी एवं अनुज परिहार ने अपने तर्क रखे, जबकि विपक्ष की ओर से सोमाइला खान एवं शंकर हरदे ने प्रभावशाली ढंग से अपनी बात प्रस्तुत की। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीक के लाभ, चुनौतियों और रोजगार पर उसके संभावित प्रभावों पर विचार रखे।
प्रश्नमंच में विद्यार्थियों ने परखा सामान्य ज्ञान और बौद्धिक कौशल
प्रश्नमंच प्रतियोगिता में शंकर हरदे, अयन तिवारी, हर्षित उइके, दिशा नागेश्वर, निकिता परिहार, स्नेहा चौहान, लक्ष्मी शरणागत एवं रितेश धुर्वे ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने के कौशल का प्रदर्शन किया।
प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों से सफल आयोजन
विभिन्न प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका डॉ. आरती भीमटे, डॉ. पूनम ठाकुर एवं प्रो. संगीता उइके ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में प्रो. छत्रपाल सिंह जाटव, डॉ. आरती भीमटे, डॉ. पूनम ठाकुर, जितेंद्र अहिरवार, मानेश्वर बिसेन, अजय बोरकर, जयश्री भलावी, अंजली राहंगडाले, नम्रता उइके एवं सीमा बाहेश्वर सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का संचालन अजय बोपचे एवं युवा उत्सव प्रभारी प्रो. पंकज गहरवार ने किया। विद्यार्थी स्वयंसेवकों नवदीप मसराम, सागर मेश्राम, मोहित नरेती, लोकेश हुमनेकर, सोमाइला खान, प्रिंसी राहंगडाले, लक्ष्मी शरणागत, ज्योति राहंगडाले, स्नेहा चौहान, प्रियांशु राहंगडाले एवं गायत्री ठाकरे सहित अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
तीन दिवसीय युवा उत्सव के आगामी दिनों में विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ सांस्कृतिक अभिरुचियों को विकसित करने और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।