धनौरा में उतरा पूरा प्रशासन, 601 फरियादियों की चौखट पर पहुंचा समाधान
कलेक्टर नेहा मीना ने सुबह 11 से शाम 6 बजे तक स्वयं सुने आवेदन, विभागों को समयबद्ध निराकरण के सख्त निर्देश
धनौरा विशेष जनसुनवाई: कलेक्टर नेहा मीना ने सुने 601 आवेदन, कई मामलों का मौके पर निराकरण
सिवनी यशो:- दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के नागरिकों को जिला मुख्यालय तक आने की परेशानी से राहत देने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद पंचायत धनौरा में आयोजित विशेष जनसुनवाई आमजन के लिए राहत का प्रभावी मंच साबित हुई।
सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चली जनसुनवाई में जिले के दूर-दराज गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 601 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने स्वयं प्रत्येक आवेदक से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों की रही उपस्थिति
जनसुनवाई में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, मध्यप्रदेश जल निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ऊर्जा, कृषि, सहकारिता, जनजातीय कार्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं सामाजिक न्याय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने विभागवार आवेदनों की समीक्षा कर जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव था, उनका मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दिव्यांग पेंशन का रास्ता खुला
ग्राम मेहता निवासी रानू गोस्वामी ने आधार अपडेट नहीं होने से दिव्यांग पेंशन नहीं मिलने की समस्या बताई। कलेक्टर के निर्देश पर मौके पर ही उनका आधार अपडेट कराया गया, जिससे उन्हें पेंशन मिलने का मार्ग प्रशस्त किया।

किसान को मिली रेडक्रॉस से आर्थिक सहायता
ग्राम नागनदेवरी निवासी अमान सिंह पटैल ने गेहूं की फसल खराब होने से आर्थिक संकट की जानकारी दी। कलेक्टर ने रेडक्रॉस सोसायटी से तत्काल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई। उन्होंने खाद वितरण में अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत भी दर्ज कराई, जिस पर उप संचालक कृषि को जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राजस्व और शिक्षा से जुड़े मामलों पर भी त्वरित कार्रवाई
ग्राम कुड्डो निवासी कोपीबाई भलावी ने राजस्व अभिलेख से नाम हटने की शिकायत की। इस पर एसडीएम (राजस्व) को सुनवाई कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्राम घाट पिपरिया निवासी निधि डेहरिया ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची और माइग्रेशन प्रमाण-पत्र में पिता के नाम की त्रुटि सुधार का आवेदन दिया। कलेक्टर ने जनजातीय कार्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शैक्षणिक सहायता और पेयजल समस्या पर भी सुनवाई
नन्दकिशोर बंजारा ने पात्र होने के बावजूद पुत्री को गणवेश, स्टेशनरी एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने जांच कर पात्रतानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
ग्राम घोघरीमाल के ग्रामीणों ने समूह नल-जल योजना के बावजूद पेयजल संकट की समस्या रखी। जल निगम द्वारा विद्युत बाधा का कारण बताए जाने पर कलेक्टर ने जल निगम एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपार्जन भुगतान की शिकायत पर जांच के निर्देश
ग्राम कुडारी निवासी ओमप्रकाश इनवाती ने गेहूं उपार्जन की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर सहकारिता विभाग को जांच कर पात्रता अनुसार शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई में नामांतरण, सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, पेयजल, बिजली, सड़क, राशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सहकारिता सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी 601 आवेदनों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ समय-सीमा में निराकरण कर आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, एसडीएम बिसन सिंह सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-
दतिया उपचुनाव की हार पर भाजपा का बड़ा एक्शन, पूरा जिला संगठन भंग
यूरिया नहीं मिलने से भड़के किसान, अमरवाड़ा में सड़क पर उतरे; अधिकारियों ने संभाली स्थिति



