विवादित बयान पर उबाल – छपारा में ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा
महिलाओं और ब्राह्मण समाज को अपमानित करने वाले बयान पर कड़ी आपत्ति, सख्त कार्रवाई और निष्कासन की मांग, चेतावनी - कार्रवाई नहीं तो होगा आंदोलन
Seoni 27 November 2025
छपारा यशो:- वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के ब्राह्मण समाज तथा बहू-बेटियों के संबंध में दिए गए कथित विवादित, अभद्र एवं अमर्यादित बयान के विरोध में छपारा ब्राह्मण समाज में तीव्र आक्रोश व्याप्त है।
गुरुवार को दोपहर बड़ी संख्या में सर्वब्राह्मण महासभा के पुरुष सदस्य पुलिस थाना छपारा पहुंचे, जहां उन्होंने महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपकर अधिकारी के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ब्राह्मण समाज छपारा के अध्यक्ष पं. राजेन्द्र तिवारी ने बताया कि –
अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी कर्मचारी संघ (अजाक्स) के अधिवेशन के दौरान वरिष्ठ आईएएस संतोष वर्मा ने मंच से ब्राह्मण समाज की बहू-बेटियों के संदर्भ में अशोभनीय व आपत्तिजनक टिप्पणी की,
जो न केवल स्त्री-विरोधी है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं पर भी सीधा प्रहार करती है।
तिवारी ने कहा कि यह बयान किसी एक समाज नहीं, बल्कि पूरे भारतीय समाज की बेटियों का अपमान है, जिसकी हर स्तर पर निंदा होनी चाहिए।
बयान संविधान की भावना और सामाजिक सौहार्द पर भी आघात
मौके पर उपस्थित समाजजनों ने कहा, –
“एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का यह बयान मानसिक दिवालियेपन और जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देने वाली सोच का प्रतीक है।
भारतीय संस्कृति बहन-बेटियों का ‘मान-सम्मान’ सिखाती है, न कि उन्हें ‘दान की वस्तु’ समझने की घटिया मानसिकता।”
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह बयान न केवल ब्राह्मण समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है,
बल्कि संविधान की भावना और सामाजिक सौहार्द पर भी आघात है।
ज्ञापन देने पहुंचे लोगों ने कहा कि सरकार को ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रशासनिक दायित्वों से मुक्त किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी संवैधानिक पद पर बैठा अधिकारी समाज की आस्था, सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों का अपमान न कर सके।
समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा,-
“यह केवल ब्राह्मण समाज का नहीं, बल्कि पूरे समाज का मामला है।
कोई भी धर्म, जाति और परिवार अपनी बेटी को ‘दान’ की वस्तु नहीं समझ सकता।
यह बयान प्रत्येक भारतीय परिवार की भावनाओं को आहत करने वाला है।”
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में क्या मांगे रखी गईं?
ब्राह्मण समाज ने मांग की है कि —
🔹 वरिष्ठ आईएएस संतोष वर्मा को उनके पद से तत्काल हटाया जाए।
🔹 विवादित बयान की न्यायिक जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
🔹 सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और महिला सम्मान को ठेस पहुंचाने के आरोप में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के प्रतिष्ठित नागरिक,
युवा कार्यकर्ता और
सामाजिक संगठन मौजूद रहे।
ज्ञापन सौंपते समय समाज ने यह भी स्पष्ट किया कि –
यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह विरोध आगामी दिनों में आंदोलन का रूप भी ले सकता है





