बंजारी घाट पर कंटेनर ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत, आठ घायल
हादसे में दो महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल, प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर
बंजारी घाट पर कंटेनर और कार की भिड़ंत, 8 घायल
Seoni, 08 October 2026
सिवनी यशो:- सिवनी-लखनादौन मार्ग पर छपारा नगर से करीब 8 किलोमीटर दूर बंजारी घाट में बुधवार सुबह कंटेनर ट्रक और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार आठ लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार हादसा 8 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे हुआ। कार में सवार लोग सिवनी से जबलपुर की ओर जा रहे थे। सभी के बिहार निवासी होने की जानकारी सामने आई है। बंजारी घाट में कंटेनर ट्रक और कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवारों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही छपारा की 108 एंबुलेंस और थाना पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए सभी घायलों को जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर कर दिया गया।
घायलों में सूर्यांश तिवारी, निक्की तिवारी, आर्यन तिवारी, गीत तिवारी, सुनील तिवारी, वर्षा तिवारी, इंद्रजीत तिवारी और सत्यम तिवारी के नाम सामने आए हैं। इनमें बालक सत्यम तिवारी के सिर में अधिक चोट आने की जानकारी है।
बंजारी घाट की सड़क पर फिर उठे सुरक्षा को लेकर सवाल
हादसे के बाद बंजारी घाट की सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट के इस हिस्से में अचानक ढलान और पुलिया के पास सड़क की ऊंचाई दुर्घटना का कारण बनती रही है। क्षेत्र में लगातार हादसे होने के बावजूद सड़क के इस संवेदनशील हिस्से में सुरक्षा उपायों को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बंजारी घाट के दुर्घटना संभावित हिस्से का तकनीकी निरीक्षण कराकर आवश्यक सुधार किए जाएं। साथ ही वाहन चालकों को पहले से सावधान करने के लिए पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
यह भी पढ़े :-
आत्मरक्षा के गुर सीख सशक्त बन रहीं कुरई की बेटियां
विनोबा ऐप में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले 19 शिक्षक सम्मानित
रावण के अत्याचार से त्रस्त हुई धरा, श्रीराम के जन्म के साथ शुरू हुई रामलीला



