मध्यप्रदेशराजनीति

किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने केंद्र को पत्र, कृषि मंत्री कंषाना का बड़ा आश्वासन

मूंग खरीदी, MSP और किसानों की समस्याओं पर मंत्रालय में हुई अहम बैठक, केंद्र को लिखा पत्र; 8.06 लाख मीट्रिक टन लक्ष्य की मांग

मूंग खरीदी पर बड़ा फैसला: कृषि मंत्री कंषाना ने केंद्र को लिखा पत्र

Bhopal 28 July 2026

भोपाल यशो :- मध्यप्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी को लेकर किसानों द्वारा उठाई जा रही मांगों और आंदोलन के बीच प्रदेश सरकार ने किसानों को बड़ी राहत का संकेत दिया है। कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने मंगलवार को मंत्रालय में किसान प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों की सभी जायज मांगों के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना किसानों के प्रतिनिधिमंडल से मूंग खरीदी और किसानों की मांगों पर चर्चा करते हुए।
भोपाल मंत्रालय में कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात कर मूंग खरीदी, MSP और किसानों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की तथा केंद्र सरकार से खरीदी लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया।

बैठक में किसानों ने मूंग खरीदी, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), उपार्जन व्यवस्था तथा अन्य कृषि संबंधी समस्याओं को विस्तार से रखा। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा मूंग खरीदी सहित सभी विषयों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सरकार किसानों के साथ खड़ी है : कृषि मंत्री

कृषि मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने किसानों से आंदोलन के दौरान शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि संवाद ही हर समस्या का सर्वोत्तम समाधान है। सरकार और किसान एक-दूसरे के सहयोगी हैं तथा सरकार किसी भी किसान को नुकसान नहीं होने देगी।

केंद्र सरकार को लिखा पत्र, मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने की मांग

किसानों के साथ चर्चा के बाद कृषि मंत्री श्री कंषाना ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश के लिए ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने का आग्रह किया है।

पत्र में उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष लगभग 14.30 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन मूंग की खेती हुई है। तृतीय अग्रिम अनुमान के अनुसार औसत उत्पादकता 1410 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर है, जिससे प्रदेश में लगभग 20.16 लाख मीट्रिक टन उत्पादन होने का अनुमान है।

उन्होंने उल्लेख किया कि पिछले वर्ष केंद्र सरकार ने केवल 4.19 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य दिया था, जबकि मध्यप्रदेश में वास्तविक उपार्जन 7.72 लाख मीट्रिक टन हुआ था। इससे स्पष्ट है कि किसानों के उत्पादन की तुलना में वर्तमान लक्ष्य पर्याप्त नहीं है।

40 प्रतिशत उत्पादन खरीदने की मांग

कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि विपणन वर्ष 2026-27 में प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के तहत मध्यप्रदेश को उसके कुल संभावित उत्पादन का 40 प्रतिशत, अर्थात 8.06 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी का लक्ष्य प्रदान किया जाए।

उन्होंने कहा कि इससे किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का अधिकतम लाभ मिलेगा, दलहन उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा और भविष्य में किसान मूंग जैसी फसलों की खेती के प्रति अधिक उत्साहित रहेंगे।

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बैठक में कृषि विभाग के सचिव निशांत बरबड़े, विभागीय अधिकारी तथा किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कृषि मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खरीदी व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं सुचारु बनाया जाए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार और किसानों के बीच निरंतर संवाद तथा सकारात्मक प्रयासों के माध्यम से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और प्रदेश के किसानों को बेहतर सुविधाएं एवं उचित मूल्य सुनिश्चित किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें:-

खिले किसानों के चेहरे: सीएम मोहन यादव ने 82.70 लाख किसानों को दिए 4-4 हजार रुपये, 3,300 करोड़ की बड़ी सौगात

MP में परीक्षा माफियाओं पर बड़ा प्रहार: 4 फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित, 3 माह से कम में होगा फैसला — CM डॉ. मोहन यादव

MP में UCC की ओर बड़ा कदम: विधानसभा में रखा अध्यादेश, CM मोहन बोले- मुस्लिम बहनों को मिलेगी राहत

MP Police में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी, CM मोहन यादव का बड़ा फैसला
https://www.google.com/amp/s/www.etvbharat.com/amp/hi/state/sagar-saurav-singh-thakur-become-assistant-professor-through-mppsc-exam-12-consecutive-years-mps26072302186

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button