137 वर्षों से अनवरत रामलीला, किरीट पूजन और मंच पूजन के साथ आज से होगा शुभारंभ
छोटी बाजार के रामलीला रंगमंच पर 14 दिनों तक सजेगी प्रभु श्रीराम की लीला, 500 से अधिक सक्रिय सदस्यों का श्रीरामलीला मंडल जुटा तैयारियों में
छिंदवाड़ा में 137 वर्षों से अनवरत रामलीला, आज से 14 दिन होगा मंचन
Chhindwara, 06 October 2026
छिंदवाड़ा यशो:- भगवान श्रीराम की अनुपम लीलाओं का मंचन छिंदवाड़ा में आज से शुरू होने जा रहा है। छोटी बाजार स्थित रामलीला रंगमंच पर पिछले 137 वर्षों से अनवरत आयोजित हो रही श्रीरामलीला इस बार भी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। अगले 14 दिनों तक शहरवासी सपरिवार प्रभु श्रीराम की विभिन्न लीलाओं का आनंद ले सकेंगे।
श्रीरामलीला मंडल के अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने बताया कि छोटी बाजार में आयोजित होने वाली यह रामलीला छिंदवाड़ा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहर के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। श्रीरामलीला मंडल छोटी बाजार की कार्यसमिति द्वारा इस वर्ष के आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
किरीट पूजन के साथ शुरू होगी रामलीला
मंडल के संरक्षक कस्तूरचंद जैन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ किरीट पूजन से होगा। इसके बाद मंच पूजन किया जाएगा। रामलीला रंगमंच पर स्थित जीवंत समाधिस्थ श्री चौबे बाबा का आह्वान करने के पश्चात मंगलाचरण के साथ प्रथम दिवस की लीला का विधिवत शुभारंभ होगा।
इस अवसर पर आयोजन में शामिल अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया जाएगा।
137 वर्षों से जारी है रामलीला का अनवरत सफर
मंडल के संरक्षक राजू चरणागर ने बताया कि आधुनिक दौर में भी छिंदवाड़ा की रामलीला अपनी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि अयोध्या से छिंदवाड़ा आए महासंत रामदास चौबे बाबा की प्रेरणा से स्थानीय लोगों ने रामलीला की शुरुआत की थी।
इसके बाद शुरू हुआ यह धार्मिक-सांस्कृतिक सफर लगातार आगे बढ़ता रहा। कभी कुछ उत्साही किशोरों और युवाओं के समूह से शुरू हुई यह परंपरा आज 500 से अधिक सक्रिय सदस्यों वाले श्रीरामलीला मंडल, छोटी बाजार के रूप में विस्तृत हो चुकी है।
कलाकारों ने किया 45 दिन अभ्यास
मुख्य निर्देशक श्रान्त चंदेल ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीलाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए कलाकारों ने लंबे समय तक अभ्यास किया है। कलाकारों द्वारा लगभग 45 दिनों तक विशेष अभ्यास किया गया है। निर्देशक मंडल के सहयोग से इस वर्ष भी रामलीला के मंचन को और बेहतर एवं प्रभावशाली बनाने का प्रयास किया गया है।
रामलीला का मंचन प्रतिदिन रात 9 बजे से प्रारंभ होगा।
ऑनलाइन भी देख सकेंगे रामलीला
श्रीरामलीला मंडल के सचिव राजेंद्र आचार्य एवं प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी ऋषभ स्थापक ने बताया कि श्रद्धालु छोटी बाजार स्थित रामलीला रंगमंच पहुंचकर प्रत्यक्ष रूप से रामलीला का आनंद ले सकते हैं।
इसके अलावा रामलीला का प्रसारण स्थानीय चैनल, YouTube, Facebook एवं अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए भी किया जाएगा। मंडल ने धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार रामलीला का आनंद लेने की अपील की है।
यह भी पढ़े :-
नवरात्रि-दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, एडीजी प्रमोद वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
वीरांगना रानी दुर्गावती को कांग्रेसजनों ने किया शत्-शत् नमन
कंजई के जंगल में अवैध शराब के अड्डे पर डूण्डासिवनी पुलिस का प्रहार



