छात्र की अमानवीय पिटाई करने वाले शिक्षक महेश चौधरी निलंबित, वायरल वीडियो के बाद कलेक्टर ने की सख्त कार्रवाई
कुरई विकासखण्ड की प्राथमिक शाला अर्जुनी में घटी घटना, जांच प्रतिवेदन के आधार पर तत्काल निलंबन आदेश जारी
Seoni 28 August 2025
सिवनी यशो:- कुरई विकासखण्ड के अंतर्गत प्राथमिक शाला अर्जुनी में पदस्थ शिक्षक महेश चौधरी द्वारा एक छात्र की अमानवीय पिटाई करने का मामला सामने आया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनआक्रोश बढ़ा
और कलेक्टर कार्यालय (जनजातीय कार्य विभाग) ने तत्काल संज्ञान लिया।
कलेक्टर के आदेश क्रमांक 3386/शिस्था/2025 दिनांक 28 अगस्त 2025 के अनुसार,
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि महेश चौधरी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए छात्र विजय रामराज भलावी के साथ मारपीट की।
जांच प्रतिवेदन में यह कृत्य शिक्षक की स्वेच्छाचारिता और पदीय दायित्वों में लापरवाही का प्रमाण माना गया।
यह भी पढ़ें :- छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार पर 2 प्राथमिक शिक्षक निलंबित
नियमों के उल्लंघन को देखते हुए कलेक्टर ने चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड अधिकारी, घंसौर निर्धारित किया गया है
और इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
यह भी पढ़ें :- भ्रष्ट और लापरवाह सचिव निलंबित, ग्रामीणों ने की थी शिकायत, जाँच में दोषी
इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के साथ इस प्रकार की अमानवीय हरकत अस्वीकार्य है
और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।



